KBC 9 की पहली करोड़पति बनीं अनामिका फैमिली पर नहीं बल्कि यहां करेंगी पैसे खर्च

10/4/2017 10:04:45 AM

मुंबई: मेगास्टार अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ सीजन 9 का पहला करोड़पति मिल गया है। बताया जा रहा है कि जमशेदपुर की रहने वाली अनामिका मजूमदार इस सीजन की पहली करोड़पति बनी हैं। अनामिका 7 करोड़ के सवाल तक पहुंच गई थी, लेकिन उन्होंने रिस्क न लेते हुए 1 करोड़ जीतकर अपना खेल खत्म करना ठीक समझा।

एनजीओ कार्यकर्ता अनामिका ने कहा है कि वह कार्यक्रम के पहले सीजन से ही इस कार्यक्रम के हॉट सीट पर पहुंचने का प्रयास कर रही थी जिसके प्रसारण की शुरुआत 2000 में हुई थी और इसके प्रस्तोता अमिताभ बच्चन थे। 41 वर्षीय गृहणी अनामिका ने कहा कि वह जीती गई अपनी राशि में से अधिकतर अपने एनजीओ ‘फेथ इन इंडिया’ को समर्पित करेंगी जो झारखंड में महिलाओं एवं वंचित बच्चों की बेहतरी के लिए काम करता है। अनामिका ने कहा, 'मैंने इस बार भी शो में बड़ी राशि जीतने के लिए ही हिस्सा लिया था, लेकिन मैंने सोचा नहीं था कि मेरी मुराद इस बार पूरी हो जाएगी।'

बता दें कि अनामिका ने अपने सामाजिक कार्य के बारे में कहा कि उनका संगठन शिक्षा के जरिये एक बेहतर जीवन मुहैया कराने का प्रयास करता है। हम लोगों की समस्याओं को जितना हो सके कम करने का प्रयास करते हैं।