रिया कपूर के साथ काम करने को लेकर उत्साहित करीना कपूर, बोलीं- मैंने फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ी, वो सच में बहुत मजेदार

8/28/2022 5:30:54 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. साल 2018 में आई रिया कपूर की फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' में करीना कपूर ने काम किया था। इस फिल्म में करीना के अलावा स्वरा भास्कर, शिखा तलसानिया और सोनम कपूर लीड रोल में नजर आई थीं। वहीं 4 साल बाद करीना कपूर एक बार फिर से रिया कपूर के साथ काम करने जा रही है। प्रोड्यूसर रिया की फिल्म में काम करने को लेकर करीना बेहद उत्साहित है।

 

हाल ही में करीना कपूर ने कहा, “रिया के साथ फिर से काम करने के लिए मैं बेहद उत्साहित हूं। यह फिल्म पूरी तरह से महिला प्रधान होगी। मैंने फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ी है, वो सच में बहुत मजेदार है। फिल्म की कहानी तीन लड़कियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें मेरे अलावा दो और एक्ट्रेसेस नजर आएंगी। मैं इस बारे में ज्यादा नहीं बोल सकती क्योंकि रिया जल्द ही इसकी अनाउंसमेंट करेंगी। हम इस फिल्म की शूटिंग भी इस साल के अंत तक या फिर अगले साल की शुरुआत में स्टार्ट करेंगे।”


बता दें, इससे पहले हाल ही में करीना कपूर को सुपरस्टार आमिर खान के साथ फिल्म लाल सिंह चड्ढ़ा में देखा गया। हालांकि यह फिल्म सुपर फ्लॉप साबित हुई। बॉक्स-ऑफिस पर फिल्म ने कोई कमाल नहीं दिखाया।
  

Content Writer

suman prajapati