बढ़ी करण ओबेरॉय की मुश्किलें, पीड़िता पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी गिरफ्तार

6/2/2019 12:09:02 PM

मुंबई:  टीवी एक्टर करण ओबेरॉय पर बीते दिनों एक महिला ने शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद उनको मुंबई की अंधेरी कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं, अब करण की मुश्किलें और बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। दरअसल, बीते दिनों करण के खिलाफ आरोप लगाने वाली महिला पर बाइक सवारों ने हमला कर दिया था। वहीं, अब पुलिस ने इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

 

 

महिला को मिली थी धमकी 

जानकारी के लिए बता दें कि 25 मई को पीड़िता लोखंडवाला रोड पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। तभी दो बाइक सवार वहां पहुंचे और उनके हाथ पर चाकू से वार किया। इसके तुरंत बाद आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़िता ने फौरन ओशिवारा पुलिस स्टेशन पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला करने के तुरंत बाद पहले पानी फेंका और फिर एक पर्ची फेंकी, जिसपर लिखा था कि केस वापिस ले लो। वहीं ऐसा नहीं करने पर अगली बार केमिकल फेंकने की धमकी भी दी।

 

 

बता दें कि 5 मई को करण को मुंबई पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले के सामने आते ही करण के दोस्तों और परिवारवालों का कहना है कि लड़की झूठ बोल रही है। रिपोर्ट्स में पुलिस सूत्रों के हवाले से लिखा गया है कि महिला ज्योतिषी पर हमला उसके वकील अली कासिफ खान के इशारों पर हुआ था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, "पुलिस का कहना है कि हमले के बाद गुरुवार को चार युवकों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से एक ने जब से यह खुलासा किया है कि हमले का मास्टरमाइंड वकील है, तब से उसकी तलाश जारी है। शुक्रवार को वकील ने किसी कॉल का जवाब नहीं दिया। उसका मोबाइल बंद आ रहा  था। गिरफ्तार किए गए चारों युवकों की पहचान जीशान अहमद (23) और अल्तमश अहमद (22), जितिन संतोष कुरियन (22) और अराफत अहमद अली (21) के रूप में हुई है। चारों स्टूडेंट्स हैं। अराफत अहमद अली वकील अली कासिफ खान का दूर का रिश्तेदार है। उसका कहना है कि खान ने उसे अपने क्लाइंट पर हमले और पैसों के लिए धमकाने का काम सौंपा था।

 

 

रिपोर्ट्स में यह भी लिखा गया है कि चारों युवकों को शुक्रवार को अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से वो 15000 रुपए की जमानत पर रिहा हो गए हैं। उन्हें आईपीसी के सेक्शन 324 (चोट पहुंचाने), 506 (II) (आपराधिक धमकी) और 34 (आम इरादे) के तहत गिरफ्तार किया गया था। 


ये है पूरा मामला
 
महिला की शिकायत में एक्टर पर रेप और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप है। ओशिवारा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। महिला के अनुसार दोनों की मुलाकात 2016 में एक डेटिंग एप के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों दोस्त बने। महिला ने बताया कि एक दिन करण ने उन्हें अपने फ्लैट में मिलने बुलाया और वहां उनसे शादी का वादा किया था। महिला का दावा है कि इस दौरान करण ने उनका रेप भी किया और वीडियो बनाकर उनसे पैसे की मांग की थी।
 

Konika