अब करण जौहर ने ''द कश्मीर फाइल्स'' की तारीफ में खोली अपनी जुबान, कहा-''जय संतोषी मां के बाद ऐसा आंदोलन नहीं हुआ''

4/2/2022 10:16:35 AM

बॉलीवुड तड़का टीम. विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी फिल्म द कश्मीर फाइल्स ने देश दुनिया में काफी प्रभाव जमाया है। कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर बनी फिल्म को देखकर लोग काफी हैरान हैं और इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार, आमिर खान, कंगना रनौत से लेकर वरुण धवन जैसे स्टार्स अब तक अनुपम खेर की फिल्म की सराहना कर चुके हैं। वहीं अब फिल्ममेकर करण जौहर  ने भी द कश्मीर फाइल्स की तारीफ में अपनी जुबान खोली है। उन्होंने कहा कि कम बजट में ज्यादा प्रॉफिट कमाने वाली इस दौर की पहली फिल्म है जबकि इससे पहले जय संतोषी मां ने ऐसा कारनामा कर दिखाया था। 

 


करण जौहर ने यूट्यूब चैनल गलाटा प्लस से बात करते हुए कहा, ''द कश्मीर फाइल्स का बजट उतना नहीं है जो दूसरी बहुत सी फिल्मों का है। लेकिन ये शायद भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी कॉस्ट-टू-प्रॉफिट हिट होने वाली है। मैंने बॉक्स ऑफिस इंडिया पर पढ़ा, उन्होंने कहा कि 1975 में आई ‘जय संतोषी मां’ के बाद ऐसा आंदोलन नहीं हुआ है।'' 


करण ने आगे कहा, ''आपको ये मानना होगा कि कुछ तो है जो इस देश से जुड़ा है और एकेडमिक रूप से आपको इसे देखना होगा। इससे सीखने के लिए आपको देखना होगा। सीखने के लिए देखो, यह आंदोलन है जो हुआ है। ये केवल एक फिल्म नहीं है बल्कि एक आंदोलन है।''

 


बता दें, विवेक अग्निहोत्री के डायरेक्शन में बनी फिल्म में कश्मीरी पंडितों का दर्द दिखाया गया है। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, पल्लवी जोशी और दर्शन कुमार जैसे स्टार्स अहम भूमिका में नजर आए हैं। 11 मार्च को रिलीज हुई द कश्मीर फाइल्स फिल्म का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन 260 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।

 
 

Content Writer

suman prajapati