जायरा के पक्ष में खड़ी हुईं कंगना

12/15/2017 9:48:41 AM

मुंबई: विमान यात्रा के दौरान छेड़छाड़ होने का आरोप लगाने के बाद ‘दंगल’ फिल्म की अभिनेत्री जायरा वसीम को सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा निशाना बनाए जाने की आलोचना करते हुए अभिनेत्री कंगना राणावत ने कहा है कि लोगों को उस पर टीका-टिप्पणी करने से बाज आना चाहिए। 

17 साल की अभिनेत्री जायरा ने आरोप लगाया था कि शनिवार की रात को दिल्ली से मुंबई जाने के दौरान विमान में उसके साथ छेडख़ानी हुई थी। उसने बाद में लाइव वीडियो के मार्फत अपना अनुभव बताया था। उसने बताया था कि वह जब दिल्ली से मुंबई जा रही थी तब पीछे से एक अन्य यात्री ने अपना पैर उसके आर्मरैस्ट पर रख दिया था।

जायरा की उसकी प्रतिक्रिया के समय को लेकर आलोचना की गई है। आलोचना पर प्रहार करते हुए और जायरा की प्रशंसा करते हुए कंगना ने कहा कि उलटी सलाह दिए जाने के बाद भी अपनी आपबीती के बारे में बताना उसका साहस है। उन्होंने कहा, ‘‘अभिनेत्री ने उड़ान में जिस उत्पीडऩ का सामना किया था उसके बारे में उसने बताया, इस पर उसे निशाना बनाया जा रहा है। यह बहुत परेशान करने वाली बात है। कई लोग कह रहे हैं कि उसने बस यूं ही आर्मरैस्ट पर पैर रख दिया और झपकी ले रहा था। मेरे लिए तो यह बहुत ही अपमानजनक होता। मैं होती तो उसका पैर तोड़ देती।’’