कमाल राशिद खान को वर्सोवा पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानिए क्या है मामला

9/5/2022 12:05:40 AM

मुंबईः अक्सर किसी ना किसी विवाद में रहने वाले अभिनेता कमाल राशिद खान उर्फ केआरके मुश्किलें इन दिनों लगातार बढ़ती जा रही है। बीते दिनों फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों को लेकर किए गए आपत्तिजनक ट्वीट के बाद कानूनी पचड़ों में फंसे की केआरके अब एक नई मुसीबत में फंस गए हैं। हाल ही में अभिनेता को मुंबई की वरसोवा पुलिस ने छेड़खानी के एक मामले में गिरफ्तार किया है। अभिनेता को रविवार 4 सितंबर को एक पुराने छेड़खानी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई पुलिस ने बताया कि जून 2021 में केआरके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और आईपीसी 509 के तहत एक मामला दर्ज किया गया था। अभिनेता पर आरोप है कि उन्होंने जनवरी 2019 के पहले हफ्ते में शिकायतकर्ता का हाथ पकड़ कर उनसे सेक्सुअल फेवर की मांग की थी। बता दें कि अभिनेता पहले ही एक मामले में न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं। ऐसे में अभिनेता के खिलाफ यह नया मामला बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकता है। 

दरअसल पिछले हफ्ते ही मंगलवार को कमाल राशिद खान को मुंबई की मलाड पुलिस ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। जानकारी के मुताबिक दुबई से आने के बाद ही केआरके को एयरपोर्ट से पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उन्हें बोरीवली में मजिस्ट्रेट की एक अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान अदालत ने पुलिस हिरासत में दिए जाने के पुलिस के अनुरोध को खारिज करते हुए केआरके को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। गौरतलब है कि केआरके ने साल 2020 में बॉलीवुड के दो दिवंगत अभिनेता इरफान खान और ऋषि कपूर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

 

 

Content Writer

Pardeep