पर्दे पर चाहें हमने रोमांस किया लेकिन असलियत में बहन जैसी थीं श्रीदेवी- कमल हासन

3/10/2018 11:18:10 AM

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रैस श्रीदेवी के अचानक हुए निधन से पूरे विश्व को गहरा सदमा लगा है। फिल्म "सदमा" में उनके को-स्टार रहे कमल हासन ने ट्विटर पर अपना दुख भी जाहिर किया था। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कमल हासन से जब श्रीदेवी के साथ अभिनय को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने श्रीदेवी और अपने साथ के कई अनुभव शेयर किए।

कमल हासन ने बताया, 'मैं श्रीदेवी से तब मिला था जब वह 15, 16 साल की थीं। हम दोनों को एक साथ कास्ट किया गया था हम दोनों को कपल के रूप में कास्ट किया गया लेकिन हम भाई-बहन की तरह बड़े हुए थे। हम एक ही स्कूल में पढ़ते थे।

उन्होंने बताया कि हम दोनों का रिश्ता एक भाई-बहन जैसा था। हमें रोमांटिक फिल्मों के लिए कास्ट किया गया जिसपर हम दोनों मिलकर हंसते थे। हम दोनों का रिश्ता एेसा था कि जैसे हम दोनों एक ही घर से आए हैं।

उन्होंने ये भी बताया कि, श्रीदेवी के जाने का मुझे बहुत दुख है। उनके निधन से ऐसा लगा जैसे मैंने अपने किसी रिश्तेदार को खो दिया हो। मैंने उनके साथ फिल्मी पर्दे पर रोमांस किया और साथ में 27 फिल्में की लेकिन वो मेरी बहन जैसी थीं।

बता दें कि श्रीदेवी और कमल हासन की जोड़ी ने पर्दे पर खूब धमाल मचाया लेकिन इससे परे उनके भाई-बहन की जोड़ी भी रियल लाइफ में खूब जमी। लोगों ने दोनों की जोड़ी को काफी पसंद किया।