कुत्ते को गोली मारने वाले व्यक्ति को पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार, एक्टर जॉन अब्राहम ने ट्वीट कर की तारीफ

5/8/2021 2:18:50 PM

मुंबई. पटियाला के पातड़ां के अधीन पड़ते गांव दुताल के रहने वाले एक व्यक्ति ने कुत्ते को गोली मार दी थी। पटियाला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इस काम के लिए पटियाला पुलिस की हर जगह तारीफ हुई थी। अब एक्टर जॉन अब्राहम ने भी ट्वीट कर पंजाब पुलिस की तारीफ की है।


जॉन अब्राहम ने लिखा- पंजाब के जिला पटियाला के पातड़ां इलाके में एक बहुत ही दुखी कर देने वाली खबर सामने आई। एक युवक ने 12 बोर की राइफल से कुत्ते को गोली मार दी। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिस तेजी के साथ पंजाब की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को नामजद करने के बाद उसे गिरफ्तार किया, यह वाकई सराहनीय है। जॉन का ये ट्वीट खूब वायरल हो रहा है।


बता दें पटियाला के पातड़ां के अधीन पड़ते गांव दुताल के रहने वाले एक व्यक्ति ने 12 बोर की राइफल से कुत्ते को गोली मार दी थी। जिससे कुत्ते की मौत हो गई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। जिसमें व्यक्ति कुत्ते को गोली मारता दिखाई दे रहा था। 

Content Writer

Parminder Kaur