वेब शोज में गालियों के इस्तेमाल पर भड़के जेठालाल,बोले-''हर चीज की एक सीमा होती है क्या अपने पैरेंट्स से ऐसे बात करते हो''

11/7/2020 9:40:43 AM

मुंबई: पाॅपुलर शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' फेम 'जेठालाल' यानी दिलीप जोशी ने हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर निशाना साधा है। दिलीप जोशी ने वेब सीरीज में गालियों के इस्तेमाल और अश्लीलता पर नाराजगी करते हुए कहा कि हर चीज की एक सीमा होती है।

एक इंटरव्यू में दिलीप जोशी ने कहा- 'मुझे नहीं पता कि इस तरह के शब्दों के इस्तेमाल का कोई क्लॉज होता है या नहीं? लेकिन गालियों और अश्लीलता का इस्तेमाल किए बिना भी आप अच्छा काम कर सकते हैं। राज कपूर, ऋषिकेश मुखर्जी और श्याम बेनेगल जी ने बेहतरीन काम किया है। उन्हें कभी ये महसूस नहीं हुआ कि अपने काम में गालियों को शामिल किया जाए।'

नहाते हुए भी दिखा दीजिए

एक्टर ने आगे कहा-'अगर आप सच्चाई ही दिखाना चाहते हैं तो लोगों को शौचालय जाते और नहाते हुए भी दिखा दीजिए। आप लोगों को क्या दिखाते हैं, ये मायने रखता है। जो आप देखते हैं, वह आपके साथ रहता है। क्या आप एक ऐसा समाज बनाना चाहते हैं जिसमें लोग केवल अपमानजनक भाषा का ही इस्तेमाल करें।'  

 

'क्या गाली देना आगे बढ़ना है?'

'हर चीज के लिए एक सीमा होती है। यदि यह सीमा के भीतर है, तो यह अच्छा है। यदि यह सीमा से बाहर चला जाता है, तो यह आपको परेशान करने लगता है। 'मैं समझ सकता हूं कि आपको समय के साथ बदलने और विकसित होने की जरुरत है लेकिन क्या गाली देना लाइफ में आगे बढ़ना है। पश्चिम में जो भी हो रहा है, आप उसे यहां करना चाहते हैं। पश्चिम पूर्व की संस्कृति को देख रहा है।'

अपनी बात आगे जारी करते हुए एक्टर ने कहा-'हमारी संस्कृति और परम्पराएं सबसे पुरानी हैं। हमारी संस्कृति में बहुत सारी अनोखी चीजें हैं। पश्चिम लोग अपने यहां एफ (F)  इस्तेमाल करते हैं और इसलिए यह उनके शो और सामग्री में अप्राकृतिक नहीं लगता है। लेकिन यहां ऐसा नहीं होता। क्या आप अपने पेरेंट्स से इस तरह बात करते हैं?'
 

Smita Sharma