कंगना की फिर बढ़ी मुश्किलें, जावेद अख्तर मानहानि मामले में कोर्ट ने जारी किया वारंट

3/1/2021 4:03:33 PM

मुंबई. एक्ट्रेस कंगना रनौत फिर से मुसीबत में फंसती हुई नजर आ रही है। जावेद अख्तर द्वारा दायर मानहानि के मुकदमे में अंधेरी मजिस्ट्रेट ने एक्ट्रेस के खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिया है। जावेद ने कंगना पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया था।


कंगना को कोर्ट ने समन जारी कर पेश होने के लिए कहा था। कंगना को कोर्ट ने 1 फरवरी को समन जारी किया था और 1 मार्च को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा था लेकिन एक्ट्रेस कोर्ट में पेश नही हुई। अब कोर्ट ने एक्ट्रेस के खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिया है। कंगना के वकील रिजवान सिद्दीकी ने कहा- वह समन को उच्च न्यायालय में चुनौती देंगे। मामले की अगली सुनवाई 26 मार्च को होगी।

बता दें जावेद ने कंगना पर उनके खिलाफ गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाया था। जावेद ने कहा था कि कंगना ने उनके खिलाफ कई न्यूज चैनलों में जाकर गलत बयान दिए हैं। जिसकी वजह से उनकी छवि पर गहरा असर पड़ा है। सिंगर ने एक्ट्रेस के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की थी।

Content Writer

Parminder Kaur