हाथरस केस: आरोपी के दावे पर भड़के जावेद अख्तर, कहा-कोई मूर्ख ही करेगा यकीन

10/9/2020 12:37:06 PM

मुंबई. हाथरस गैंगरेप केस लगातार चर्चा में बना हुआ है। हर तरफ इसकी निंदा की जा रही है और पीड़िता के लिए इंसाफ की मांग की जा रही है। बॉलीवुड स्टार्स ने भी ट्वीट कर इस पर नाराजगी जताई थी और बच्ची के लिए इंसाफ की मांग की थी। हाल ही में गीतकार जावेद अख्तर ने भी इसपर सख्त नाराजगी जताई है। दरअसल केस के एक आरोपी ने दावा किया है कि बच्ची की हत्या उनकी मां और भाई ने मिलकर की थी।


आरोपी के दावों पर भड़कते हुए जावेद अख्तर ने अपने ट्वीट में लिखा, 'हाथरस केस का आरोपी अब दावा कर रहा है कि लड़की को उसकी खुद की मां और भाई ने ही यातनाएं दीं और मारा है। वह इस बात को कैसे जानता है? क्या उसने उन्हें लड़की को मारते हुए देखा? अगर देखा तो उसने पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की? केवल कोई धर्मांध और बेवकूफ ही इस दावे पर विश्वास कर सकता है।'


 बता दें हाथरस केस के एक आरोपी संदीप ने पुलिस को चिट्ठी लिखते हुए दावा किया है कि वह पीड़िता का अच्छा दोस्त था। घटना वाले दिन वह पीड़िता से मिलने के लिए गया था लेकिन उसके मना करने पर वह वापस आ गया था। पीड़िता का परिवार उनकी दोस्ती से खुश नहीं था और परिवार ने ही पीड़िता की हत्या की है। पीड़िता की मां और भाई ने मिलकर मारा है।

Smita Sharma