गजबः ''आयरन मैन'' फेम स्टार ने चबाकर थूका च्यूइंग गम, 45 लाख रुपये से अधिक में हुआ नीलाम

4/2/2023 12:09:28 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. सबके अपनी जिंदगी में च्यूइंग गम एक बार तो जरूर खाया होगा, फिर वह चाहे हैप्पीडेंट हो, बिग बबल हो या सेंटर फ्रेश। महज 1 रुपए में आने वाली च्यूइंग गम की इन दिनों नीलामी चल रही है। ये सुनकर आपको हैरानी हो रही होगी, लेकिन ये खबर पक्की है। आयरनमैन फेम रॉबर्ट डाउनी जूनियर (Robert Downey Jr.) का चबाकर थूका हुआ च्यूइंग गम 45 लाख रुपए में बिक रहा है। ये तो बेस प्राइस है। नीलामी में ये प्राइस और ऊपर जा सकती है।

 

न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 13 फरवरी, 2023 को एक्टर/फिल्ममेकर जॉन फैवरो का हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम स्टार का अनावरण हुआ। लॉस एंजेलिस में डॉल्बी थिएटर के पास एक जगह है। वहां सड़क किनारे साइडवॉक पर ढेर सारे फिल्मस्टार्स और फिल्ममेकर्स के नाम का स्टार बना हुआ है। उसे पीतल से जमीन पर गोद दिया गया है। ऐसा एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में उनके योगदान को सेलिब्रेट करने के लिए किया जाता है। इसे हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम कहते हैं।

 

यहां पर जॉन फैवरो के नाम का स्टार बनाया गया। 13 फरवरी को इसके अनावरण के लिए जॉन के साथ फिल्म एक्टर रॉबर्ट डाउनी जूनियर और इंटरनेशन शेफ रॉय चोई पहुंचे थे। स्टार वगैरह अनवील किए गए। फिर यहां मस्ती-मज़ाक में रॉबर्टी डाउनी जूनियर ने अपने मुंह से निकालकर च्यूइंग गम चिपका दिया। वहां एक आदमी टहल रहा था। जैसे ही रॉबर्ट वहां से निकले, उस आदमी ने फटाक से वो च्यूइंग गम उठा लिया और उस च्यूइंग गम को eBay नाम की ऑनलाइन वेबसाइट पर डाल दिया। इस वेबसाइट पर चीज़ें खरीदी और बेची जाती हैं। मगर उन्होंने इस च्यूइंग गम को बिडिंग यानी नीलामी के लिए डाला, क्योंकि ये रॉबर्ट डाउन जूनियर का चबाया हुआ च्यूइंग गम था।

इस प्रोडक्ट के डिस्क्रिप्शन में लिखा गया- ''हैल्लो, हाल ही में एक्टर-प्रोड्यूसर जॉन फैवरो के नाम का स्टार, हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम पर जोड़ा गया। इस इवेंट के दौरान मैं उसी इलाके में था। उस इवेंट के दौरान रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने खुद अपना च्यूइंग गम स्टार पर चिपकाया। फिर वहीं छोड़कर चले गए। वो मेरे हाथ लग गया। मैं उस च्यूइंग गम को उसी कंडीशन में बेच रहा हूं, जैसे वो मुझे मिला था। आप उसका DNA टेस्ट करवाकर भी चेक कर सकते हैं। ये च्यूइंग आपको एक प्लास्टिक के कंटेनर में मिलेगा। जब मैं उसे अपना यहां से भिजवा दूंगा, तब आप उसकी शिपिंग को ट्रैक भी कर सकते हैं।''  

 

बता दें, इस च्यूइंग गम की बेस प्राइस 40 हज़ार डॉलर्स यानी 32,89,420 रुपए रखी गई है। मगर नीलामी के दौरान लगी बोलियों के बाद इसकी कीमत बढ़कर 55 हज़ार डॉलर यानी 45,22,952 रुपए पहुंच चुकी है। बोली लगाने की आखरी डेट1 अप्रैल, 2023 है। तब तक इस च्यूइंग गम की कीमत और ऊपर जा सकती है। 


 

Content Writer

suman prajapati