जालंधर से गहरा संबंध रखते है पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान

8/4/2018 4:53:31 PM

मुंबई: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर खबर आ रही है कि वह  स्वतंत्रता दिवस के दिन यानि 14 अगस्त को प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इमरान का यहां तक आने का सफर असान नहीं रहा है। उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। इमरान खान नियाजी का जन्म 5 अक्टूबर 1952 को लाहौर में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई लाहौर में हुई लेकिन बाद में वे पढ़ने के लिए इंग्लैंड गए।

 

 

1975 में इमरान ने ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी के केबल कॉलेज से दर्शनशास्त्र, राजनीति और इकनॉमिक्स में स्नातक किया। इमरान की मां का नाम शौकत खानम है और वह बुर्की परिवार से संबंध रखतीं थीं। वहीं उनके पिता का नाम इकराम उल्लाह खान नियाजी था। अगर बात की जाए इमरान के पिछोकड़ की तो इमरान का संबंध पंजाब के शहर जालंधर से भी है। दरअसल, इमरान की मां का मायका जालंधर में ही है, उनका ये घर जालंधर में पीली कोठी के नाम से मशहूर है।  

 

 

इमरान ने 16 साल की उम्र में प्रफेशनल क्रिकेट में कदम रखा। 1968 में इमरान ने फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। 1971 में इंग्लैंड के खिलाफ इमरान को टेस्ट डेब्यू करने का अवसर मिला जबकि 1974 में इंग्लैंड के खिलाफ ही उन्होंने वनडे में डेब्यू किया। 1982 में इमरान पाकिस्तान टीम के कप्तान बने। उनकी पहचान एक ऑलराउंडर के तौर भी हुई। 1987 में उनके नेतृत्व में पाकिस्तान को वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में हार का मुंह देखना पड़ा था।

 

इमरान ने संन्यास की घोषणा कर दी, लेकिन पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति जनरल जिया उल हक के आग्रह पर वापिस मैदान में लौटे। बतौर क्रिकेट उनके जीवन का सर्वश्रेष्ठ क्षण 1992 में देखने को मिला। उनके नेतृत्व में पाकिस्तान ने 1992 में क्रिकेट का वर्ल्ड कप जीता था। 1992 में 25 मार्च को इमरान इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी वनडे खेलते नजर आए थे।

 

 

बता दें कि 1995 में इमरान ब्रिटिश जर्नलिस्ट जेमिमा गोल्डस्मिथ के साथ शादी के बंधन में बंधे। यह रिश्ता 9 सालों तक चला और 2004 में दोनों अलग हो गए। 2014 में इमरान की दूसरी शादी हुई। टीवी ऐंकर रेहम खान इमरान की दूसरी बेगम बनीं।इमरान ने फरवरी 2018 में तीसरी बार निकाह किया। इस बार वे बुशरा मानिका से शादी के बंधन में बंधे। बुशरा मानिका को इमरान की धार्मिक गुरु के तौर पर माना जाता है। बुशरा ने इमरान से शादी से पहले ही कहा था कि उनके प्रधानमंत्री बनने के लिए तीसरी शादी जरूरी है। अब लगता है कि बतौर धार्मिक गुरु बुशरा की भविष्यवाणी सच होने वाली है।

 

 

Konika