Domestic Violence: ''10 साल तक साथ खड़ी रही पर उसने मुझे अकेला छोड़ दिया'' सुनवाई के दौरान रो पड़ीं हनी सिंह की पत्नी

8/30/2021 8:35:29 AM

मुंबई: रैपर और एक्टर यो यो हनी सिंह इस समय अपनी पर्सनल लाइफ में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। कुछ समय पहले ही हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवा ने सिंगर पर दिल्ली की तीस हजारी अदालत में घरेलू हिंसा का केस दर्ज करवाया था। हाल ही में इस मामले में दिल्ली कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार कोर्ट रूम में ही रोने लगीं।

शालिनी तलवार ने सुनवाई के दौरान तीस हजारी अदालत में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट तानिया सिंह के सामने कहा-'मेरे पास कोई विकल्प नहीं बचा है। मैंने जीवन के 10 साल दिए। मैं अपना सब कुछ छोड़कर उनके साथ खड़ी रही। अब उन्होंने ही मुझे छोड़ दिया।'

वहीं जब मजिस्ट्रेट ने शालिनी से पूछा- 'अब आप अदालत से क्या चाहती हैं? आपकी शादी किस स्थिति में है?' इतना ही नहीं मजिस्ट्रेट ने शालिनी से एक बार इस बारे में सोचने का सुझाव दिया। आप दोनों के बीच का प्यार कहां खो गया? अगर मामला सुलझ जाता है तो ज्यादा बेहतर रहेगा। 

दूसरी बार भी पेश ना होने पर कोर्ट ने लगाई हनी सिंह को फटकार 

इस केस के सिलसिले में 28 अगस्त को हनी सिंह को कोर्ट में पेश होना था लेकिन वह दूसरी बार भी कोर्ट नहीं पहुंचे। इस मामले में पेश नहीं होने और आय से संबंधित हलफनामा दायर नहीं करने पर मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कानून से ऊपर कोई भी नहीं है।  कोर्ट ने 3 सितंबर को हनी सिंह को 12 बजे से पहले हाजिर होने को कहा है। 

बता दें कु शालिनी  ने अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है और घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम के तहत मुआवजे के रूप में 20 करोड़ रुपए की राशि मांगी है। वही हनी सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक स्टेमेंट जारी कर आरोपों को झूठा बताया था। 


हनी सिंह और शालिनी 23 जनवरी 2011 को शादी के बंधन में बंधे थे। हनी सिंह ने अपनी पर्सनल लाइफ को काफी छुपाकर रखा था। हनी और शालिनी की लव स्टोरी स्कूल के दिनों में ही शुरू हो गई थी।

Content Writer

Smita Sharma