COVID-19: एक्ट्रेस हिमानी शिवपुरी को अस्पताल से मिली छुट्टी,तस्वीर शेयर कर स्वास्थ्यकर्मियों का किया धन्यवाद

9/20/2020 2:15:53 PM

मुंबई. कोरोना का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। आए दिन कोई न कोई इसके सक्रंमण का शिकार हो रहा है। इसके कई बॉलीवुड और टीवी स्टार्स को भी अपनी चपेट में ले लिया है। बीते दिनों बॉलीवुड और टीवी एक्ट्रेस हिमानी शिवपुरी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी।जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मुंबई के होली स्पिरिट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। वहीं अब एक्ट्रेस को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। हिमानी शिवपुरी के स्वास्थ्य में अब सुधार आया है जिसके बाद उन्हें चिकित्सकों द्वारा होम क्वारंटाइन रहने की सलाह दी गई है। 


 हिमानी ने मीडिया से बात करते हुए बताया, 'मेरी सेहत में सुधार है। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि अब मुझे 15 दिन के लिए घर पर क्वारंटाइन रहना चाहिए और उसके बाद फिर से जांच करवानी चाहिए।'


वहीं हिमानी ने अपने सोशल मीडिया पर शुक्रवार को एक तस्वीर शेयर कर स्वास्थ्यकर्मियों का आभार भी प्रकट किया है। हिमानी ने अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों के साथ एक तस्वीर शेयर की और साथ कैप्शन में लिखा, 'बहुत धन्यवाद हमारे कोविड वॉरियर्स को, अस्पताल का स्टाफ, मैं होम क्वारंटाइन में वापस आ गई हूं। आप सभी की पॉजिटिव शुभकामनाओं के लिए बहुत धन्यवाद।'


बता दें हिमानी इन दिनों कॉमेडी सीरियल हप्पू की उलटन पलटन में काम कर रही हैं। इसमें वो दरोगा हप्पू सिंह की मां का किरदार निभा रही हैं। इसके अलावा एक्ट्रेस 'हम आपके हैं कौन', 'राजा', 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'परदेस' और 'कुछ कुछ होता है', 'दीवाना मस्ताना', 'कभी खुशी कभी गम' और 'मैं प्रेम की दीवानी हूं' जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकीं हैं। 

Smita Sharma