Birthday Special: ''आशिकी'' के हीरो, ''बिग बॉस'' के विनर... फिर भी बॉलीवुड में फ्लॉप रहे राहुल रॉय!
2/9/2023 11:18:05 AM

मुंबई। 'आशिकी' फेम बॉलीवुड एक्टर राहुल रॉय आज (9 फरवरी) 55 साल के हो गए हैं। राहुल रॉय ने बॉलीवुड में एंट्री करते ही धूम मचा दी थी। उनकी पहली फिल्म रिलीज होते ही ब्लॉकबस्टर हो गई और राहुल रातों-रात सुपरस्टार बन गए। लेकिन पहली फिल्म के हिट होने के बाद भी वह अचानक बड़े पर्दे से गायब हो गए। राहुल को फिल्म में देखने के लिए फैंस आज भी बेताब हैं।
राहुल रॉय ने 1990 में फिल्म 'आशिकी' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म 'आशिकी' रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर हिट हो गई थी। इस फिल्म के गाने से लेकर राहुल के अंदाज के लोग आज भी कायल हैं। राहुल ने जब बॉलीवुड में डेब्यू किया था तब उनकी उम्र महज 22 साल थी। यहां तक कि उन्हें खुद भी अंदाजा नहीं था कि वह अपनी पहली ही फिल्म में इतने बड़े स्टार बन जाएंगे।
फिल्मों में आने से पहले राहुल ने अपनी कॉलेज की पढ़ाई दिल्ली में पूरी की। उन्होंने कॉलेज के दौरान ही मॉडलिंग शुरू कर दी थी। राहुल रॉय की फोटो देखने के बाद महेश भट्ट ने उन्हें 'आशिकी' में साइन कर लिया। राहुल की पहली ही फिल्म सुपर-डुपर हिट रही थी। लेकिन, उसके बाद उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली। एक समय ऐसा भी आया था जब वह बॉलीवुड इंडस्ट्री से पूरी तरह से गायब हो गए थे।
अपनी पहली ही फिल्म से बड़े स्टार बन चुके राहुल रॉय को अगले 8 महीने तक कोई फिल्म ऑफर नहीं हुई। इस बार वह धैर्य खो रहा था। लेकिन, अचानक से फिल्म के ऑफर आने शुरू हो गए, दो हफ्तों में लगभग 60 फिल्मों के ऑफर आ गए। इनमें से राहुल ने 47 फिल्में साइन कीं। लेकिन, बाद में शूटिंग के लिए समय न मिल पाने के कारण उन्हें कई प्रोड्यूसर्स के पैसे लौटाने पड़े।
इसके बाद एक बार फिर राहुल को काम मिलना बंद हो गया। 2006 में, जब हाथ में कोई फिल्म नहीं थी, तब राहुल रॉय ने टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के पहले सीजन में प्रवेश किया और उन्होंने यह शो जीता भी था। कुछ साल पहले कारगिल में शूटिंग के दौरान राहुल रॉय को ब्रेन स्ट्रोक हो गया था। हालांकि, वह इससे सकुशल बाहर आ गए। अब एक्टर केवल सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं और पब्लिक अवेयरनेस का काम करते नजर आते हैं।