पहली बार पापा अनिल कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे उनके ये बेटे

9/18/2017 10:15:49 AM

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर साल 2017 में पहली बार अपने भतीजे यानि अर्जुन कपूर के साथ स्क्रीन शेयर कर चुके हैं। इन दोनों के किरदार और जोड़ी को लोगों ने काफी प्यार दिया। इनकी फिल्म मुबारकां बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। इसके साथ ही अब इसकी सीक्वल की भी मांग होनी शुरु हो गई है। 

हाल ही में कपूर खानदान से एक और खुशखबरी आ रही है। बताया जा रहा है कि हर्षवर्धन कपूर बहुत ही जल्द भारतीय शूटर अभिनव बिंद्रा की बायोपिक करते नजर आयेंगे। इस फिल्म में उनके पापा अनिल कपूर भी दिखेंगे। खुद हर्षवर्धन ने इस बात को कन्फर्म किया है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी है। 

खबरों की मानें तो ऐसा लग रहा है कि अनिल कपूर अपने रियल लाइफ सन के रील लाइफ फादर बनेंगे। अभिनव बिंद्रा की बायोपिक में अनिल कपूर और हर्षवर्धन कपूर बाप-बेटे के किरदार में दिखेंगे। वैसे यह लोगों के लिए काफी अच्छा एक्सपीरियंस होगा क्योंकि ऐसे बहुत कम मौके आते हैं जब रियल लाइफ बाप-बेटे को स्क्रीन पर भी वही रिश्ता निभाने को मिले। 

बता दें कि अगर हम हर्षवर्धन के फिल्मी करियर की बात की जाए तो उन्होंने मिर्ज्या से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी लेकिन हर्ष की अदाकारी को खूब सराहा गया था। इसके बाद उन्होंने डायरैक्टर विक्रमादित्य मोटवानी की नई फिल्म भावेश जोशी को शूट किया है। यह फिल्म अगले साल रिलीज होगी।