ताज जीत कर भारत लौटी हरनाज संधू का एयरपोर्ट पर तालियों की गूंज से हुआ जोरदार स्वागत, मिस यूनिवर्स ने तिरंगा लहराकर कहा ''चक दे फट्टे''

12/16/2021 12:21:38 PM

मुंबई. 12 दिसंबर को इजराइल में मिस यूनिवर्स 2021 का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में 80 देशों ने भाग लिया था। 80 देशों को हरा कर हरनाज संधू ने मिस यूनिवर्स 2021 का ताज अपने नाम कर भारत का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया। भारत का नाम रोशन करने के बाद हरनाज वापिस लौट आई है। मुंबई एयरपोर्ट पर तालियों की गूंज से हरनाज का स्वागत किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 


वीडियो में हरनाज रेड कलर की शिमरी ड्रेस में नजर आ रही है। लाइट मेकअप और ओपन हेयर्स से हरनाज ने अपने लुक को कम्पलीट किया हुआ है। इस लुक में हरनाज गॉर्जियस लग रही है। मिस यूनिवर्स जैसे ही एयरपोर्ट से बाहर निकलती है तालियों और बूके देकर उनका स्वागत किया जाता है। हरनाज की एक एक झलक पाने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हरनाज ने भी 'चक दे फट्टे' कह कर सभी का आभार प्रकट किया और हाथ में तिरंगा पकड़ कर लहराने लगी। आज हर कोई हरनाज पर गर्व महसूस कर रहा है। फैंस इस वीडियो को खूब प्यार दे रहे हैं।

बता दें सुष्म‍िता सेन ने 1994 में और लारा दत्ता ने साल 2000 में मिस यून‍िवर्स का ख‍िताब जीता था। अब 21 साल बाद हरनाज ने इस ताज पर जीत दर्ज कर भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर दिया। हरनाज पंजाब के चंडीगढ़ की रहने वाली है। हरनाज पेशे से एक मॉडल है। हरनाज ने साल 2017 में मिस चंड़ीगढ़ का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने मिस मैक्स इमर्जिंग स्टार इंडिया का खिताब अपने नाम किया। ये दो प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम करने के बाद हरनाज ने मिस इंडिया 2019 में हिस्सा लिया और तब वह टॉप 12 तक पहुंची थीं। मॉडलिंग के साथ-साथ हरनाज एक्टिंग में भी कदम रख चुकी हैं। हरनाज के पास दो पंजाबी फिल्म 'यारा दियां पू बारां' और 'बाई जी कुट्टांगे' हैं।

Content Writer

Parminder Kaur