ND स्टूडियो में लगी भयंकर आग, ऋतिक की फिल्म ''जोधा अकबर'' के सेट का बड़ा हिस्सा जलकर हुआ खाक
5/8/2021 9:46:52 AM
बॉलीवुड तड़का टीम. मुंबई में एनडी स्टूडियो (ND Studio) में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है, जिसमें ऋकिर रोशन और ऐश्वर्या राय की फिल्म 'जोधा अकबर' के सेट का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया है। इस बात की पुष्टि एनडी स्टूडियो के आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने की है।
नितिन देसाई ने बताया कि ऋतिक और ऐश्वर्या की फिल्म 'जोधा अकबर' के सेट पर भयंकर आग लग गई है, जिससे सेट का आधा हिस्सा नष्ट हो गया है। खून-पसीने का ड्रीम प्रॉजेक्ट बर्बाद हो गया है। यह स्टूडियो दादासाहेब फाल्के की विरासत को आगे ले जा रहा था। दादा साहेब फाल्के एनडी स्टूडियो से 9 किलोमीटर दूर अपना पहला स्टूडियो बनाया था।
नितिन ने आगे बताया, 'जोधा अकबर के सेट के पीछे के स्टूडियो की दीवार रेलवे से छूती है और वहां पर आग जलाई गई। हवा के कारण सेट की दीवार में आग लग गई और सब जलकर खाक हो गया। इसमें वित्तीय नुकसान का इतना दुख नहीं, क्योंकि इससे हमें इमोशनल लगाव है। यह स्टूडियो करीब 266 लोगों को रोजगार देता है और यह मेरी लाइफ है।'
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एनडी स्टूडियो में करीब 12 बजे आग लगी थी, जिसमें प्लाईवुड, पीओपी और दूसरा सामान जलकर खाक हो गया है। हालांकि, इसमें किसी को जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग पर काबू में पाने के लिए मौके पर कई फायर ब्रिगेड गाड़ियों को बुलाया गया था।