CoronaVirus: लापरवाही के आरोप में कनिका कपूर पर दर्ज हुई FIR, लगा सैकड़ों लोगों की जान खतरे में डालने का आरोप

3/21/2020 9:09:03 AM

मुंबई: बाॅलीवुड की प्ले बैक सिंगर कनिका कपूर कोरोनावायरस की शिकार हो गई हैं। कनिका कपूर को लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कनिका को काफी दिन से फ्लू जैसे लक्षण थे। कनिका कपूर की लापरवाही ने देश के सैकड़ों लोगों की जान में खतरे में डाल दिया है।

जानकारी के लिए बता दें कि कनिका उत्तर प्रदेश की राजधानीलखनऊ की पार्टियों में शामिल हुई थीं, जिसमें राजनेताओं के साथ बड़े व्यापारी भी थे। ऐसे में उनके भी वायरस के चपेट में आने की आशंका है। वहीं अब कनिका के खिलाफ लखनऊ के सरोजिनी नगर थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है।

 

कनिका पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 188 (महामारी कानून), 269 (ऐसा काम जिससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका हो) और 270 (जीवन के लिए संकटपूर्ण रोग का फैलाना) के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। दरअसल, कनिका कपूर पर आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर खुद को आइसोलेट नहीं किया। कनिका कपूर के साथ पार्टी में शामिल होने वाले कई लोगों ने खुद को आइसोलेट कर लिया है।

यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने लखनऊ के डीएम को आदेश दिया है कि कनिका कपूर की पार्टी में गए लोगों की जांच की जाए। लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश को 24 घंटे में इसकी रिपोर्ट देनी है। कनिका कपूर की पार्टी में गए लोगों की पहचान सीसीटीवी के जरिए की जाएगी। वहीं जानकारी छुपाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा किया जाएगा। 

बता दें कि 11 मार्च को लंदन से लखनऊ आईं खबरें हैं कि कनिका ने एयरपोर्ट पर जांच नहीं कराई और खुद को 14 दिन तक अलग रखने की बजाय वह लगातार पार्टियों में शरीक होती रहीं। इन पार्टियों में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता वसुन्धरा राजे,उनके पुत्र दुष्यंत,प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह समेत कई नेताओं, प्रशासनिक अफसरों व उनके परिवारीजनों ने शिरकत की थी।

कनिका कपूर ने इससे पहले अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर कोरोनावायरस की शिकार होने की जानकारी देते हुए लिखा था- 'सभी को नमस्कार, पिछले 4 दिनों से मुझे फ्लू के  लक्षण थे, मैंने खुद की जांच कराई और यह Covid 19 पॉजिटिव आया।  मेरा परिवार और मैं अभी पूरी तरह से आइसोलेशन में हैं और आगे बढ़ने के तरीके के बारे में चिकित्सा सलाह का पालन कर रहे हैं. जिन लोगों के साथ मैंने संपर्क साधा है, उनके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. मुझे हवाई अड्डे पर सामान्य प्रक्रिया के अनुसार 10 दिन पहले स्कैन किया गया था जब मैं घर वापस आई तो लक्षण केवल 4 दिन पहले विकसित हुए हैं।'

 

Smita Sharma