प्रोड्यूसर सुनील बोहरा के खिलाफ दर्ज हुआ केस, करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने का है आरोप

8/22/2018 12:08:22 PM

मुंबई: फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' एक बार फिर विवादों में घिर गई है। दरअसल, पहले फिल्म के डायरेक्टर विजय गुट्टे पर जीएसटी धोखाधड़ी का आरोप लगा। अब दिल्ली पुलिस ने आपराधिक कृत्य और धोखाधड़ी के चलते फिल्म प्रोड्यूसर सुनील बोहरा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रोड्यूसर राहुल मित्रा के कहने पर ये एफआईआर दर्ज की गई है। 


ये है पूरा मामला 

दरअसल, मामला साल 2012 में आई हिट फिल्म 'साहेब बीवी और गैंगस्टर' से संबंधित है। इस दौरान सुनील का प्रोड्यूसर राहुल मित्रा और डायरेक्टर तिमांग्शु धूलिया के बीच फिल्म को रिलीज और ड्रिस्ट्रीब्यूट करने का समझौता हुआ था। लेकिन बोहरा यूटीवी के पास चल गए और 3 करोड़ रुपए की रिफंडेबल एडवांस डील साइन कर ली। वहीं फिल्म काफी हिट हुई और सुनील को फिल्म के डिजिटल और म्यूजिक बेचने के साथ-साथ इसका बडा मुनाफा मिला। वहीं, साल 2015 में बोहरा ने पॉपुलर एंटरटेनमेंट कंपनी शेमारू को भी अपने जाल में फंसाने की कोशिश की। बिल्कुल इसी तरह सुनील ने कंपनी से एडवांस पैसा ले लिया और चंपत हो गए। लेकिन जब राहुल मित्रा के वकील ने शेमारु से सुनील का खुलासा किया तो कंपनी के होश उड़ गए।  

 


यह जानने के बाद शेमारू ने भी सुनील के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के चलते मुंबई पुलिस में मामला दर्ज करवाया। राहुल ने भी सबसे बड़ी फिल्म प्रोड्यूसर बॉडी वेस्टर्न इंडिया फिल्म प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन में सुनील के खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी जहां कुछ सालों के विचार-विमर्श के बाद सुनील को राहुल के साल 2012 से 2 करोड़ और ब्याज का भुगतान करने को कहा गया। लेकिन ऐसा ना होने के बाद से आखिर में राहुल ने दिल्ली पुलिस में सुनील के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। वहीं दिल्ली पुलिस ने सारी छानबीन करने के बाद सुनील के खिलाफ एक्शन ले केस दर्ज कर लिया है। बता दें कि इससे पहले बोहरा फिल्म तनु वेड्स मनु को लेकर भी धोखाधड़ी के मामले में फंस चुके हैं।  

Konika