सुधीर मिश्रा की मां का हुआ निधन, भावुक पोस्ट शेयर कर बोले- ''अब मैं आधिकारिक तौर पर अनाथ हो गया''

6/14/2022 3:40:56 PM

मुंबई. फिल्ममेकर सुधीर मिश्रा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुधीर की मां दुर्गा देवेंद्रनाथ मिश्रा का आज निधन हो गया है। फिल्ममेकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर मां के निधन की जानकारी दी है। 


सुधीर मिश्रा ने लिखा- 'मेरी मां का एक घंटे पहले निधन हो गया है, वह हमेशा के लिए हमें छोड़कर चली गईं हैं। मेरी बहन और मैं उस वक्त अपनी मां के पास ही थे। मैं अब आधिकारिक तौर पर अनाथ हो गया हूं।' फैंस इस ट्वीट को लाइक कर रहे हैं और दुख जाहिर कर रहे हैं।


बता दें सुधीर ने 7 जून को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया था कि उनकी मां की हालत गंभीर है और वह अस्पताल में भर्ती हैं। सुधीर ने लिखा था- 'अभी नहाने के लिए अस्पताल से निकला हूं। थोड़ी देर में मुझे फिर से अस्पताल जाना है। डॉक्टरों का कहना है कि मेरी मां के पास कम समय बचा है।'


जानकारी के लिए बता दें सुधीर ने फिल्मों के लिए लेखन के साथ-साथ निर्देशन का भी काम किया है। 'ये साली जिंदगी', 'रात गई बात गई', 'ट्रैफिक सिग्नल', 'अर्जुन पंडित', 'तेरा क्या होगा जॉनी', 'खोया खोया चांद' जैसी फिल्में सुधीर की हैं। 

Content Writer

Parminder Kaur