#MeToo के बाद बेस्ट डायरेक्टर के लिए नॉमिनेट हुए हिरानी, यूजर्स बोले-फिल्मफेयर बिका हुआ है

3/15/2019 1:31:00 PM

मुंबई: फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2019 का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। फिल्मफेयर अवॉर्ड 2019, 23 मार्च को मुंबई के जियो गॉर्डन में आयोजित होगा। बीते दिनों ही इस अवॉर्ड्स का ऐलान हुआ था। इस लिस्ट में डायरेक्टर राजकुमार हिरानी को फिल्म 'संजू' के लिए बेस्ट डायरेक्टर के लिए नॉमिनेट किया गया है। इस घोषणा के बाद ही हिरानी ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल, हिरानी पर 'संजू' फिल्म की एक असिस्टेंट डायरेक्टर ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। महिला के मुताबिक फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन के दौरान उसका यौन शोषण हुआ था।

 

जब उसने विरोध किया तो हिरानी ने उसे फिल्म से निकालने की धमकी दी गई थी हालांकि ने इन सब आरोपों को झूठा बताया था। लेकिन इन आरोपों के सामने आने के बाद फिल्म 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' की प्रोड्यूसर लिस्ट से उनका नाम हटा दिया गया था। हिरानी के समर्थन में कई लोग आए थे तो वहीं कुछ लोगों ने फेयर ट्रायल की मांग की थी। नॉमिनेशन लिस्ट सामने के आने के बाद लोगों ने हिरानी को ट्विटर पर ट्रोल करना शुरु कर दिया है।

 

लोगों का कहना है कि जब हिरानी पर यौन-उत्पीड़न के आरोप लगे हैं तो उन्हें फिल्मफेयर अवार्ड्स के लिए नॉमिनेट क्यों किया गया है।एक यूजर ने लिखा- ये सब करने के बाद राजकुमार हिरानी का नाम नॉमिनेट कर दिया, फिल्मफेयर बिका हुआ है।

वहीं एक और यूजर ने लिखा- सार्वजनिक स्थान पर उन पर लगे तमाम आरोपों के बाद भी, आप पृथ्वी पर हिरानी को कैसे नामित कर सकते हैं? 

 

बता दें कि हिरानी स्विट्जरलैंड में आकाश अंबानी और श्लोका मेहता की प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में पहुंचे थे। इसके अलावा हिरानी ने पत्नी सगं इस कपल के रिसेप्शन में भी शिरकत की थी, जिसकी तस्वीरें सोशल साइट पर काफी वायरल हुईं थीं।  

 

Smita Sharma