एक और बुरी खबरः नहीं रहे प्रसिद्ध संतूर वादक पंडित भजन सोपोरी, इलाज के दौरान अस्पताल में हुआ निधन

6/2/2022 6:07:25 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. मनोरंजन जगत से एक के बाद एक दुखद खबर लोगों को झिंझोड़ रही है। फैंस अभी सिंगर सिद्धू मूसे वाला और केके के निधन से उबरे ही नहीं कि एक और महान हस्ती ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। मशहूर संतूर वादक पंडित भजन सोपोरी अब इस दुनिया में नहीं रहे। पंडित भजन का आज शाम गुरुग्राम के अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन के खबर से एक बार फिर इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।


पंडित भजन सोपोरी का जन्म 1948 में श्रीनगर में हुआ था और वह 74 साल की उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह गए।
  


परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के अनुसार संतूर वादक काफी लंबे समय से बीमार थे और गुरुग्राम के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। 
सोपोरी के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे सौरभ व अभय हैं। दोनों पुत्र भी संतूर वादक हैं। सोपोरी के पिता पंडित एसएन सोपोरी भी एक संतूर वादी थे।


करियर

सोपोरी को उनके काम के लिए कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। साल 2004 में उन्हें पद्म श्री, 1992 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और जम्मू कश्मीर स्टेट लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया था। सोपोरी ने पश्चिमी शास्त्रीय संगीत वाशिंगटन विश्वविद्यालय और हिंदुस्तानी संगीत अपने पिता और दादा से सीखा था। 

 

Content Writer

suman prajapati