मशहूर संगीतकार निर्मल मुखर्जी का निधन, हार्ट अटैक के बाद अस्पताल में थे भर्ती

1/20/2023 10:12:39 AM

बॉलीवुड तड़का टीम. मशहूर संगीतकार निर्मल मुखर्जी अब इस दुनिया में नहीं रहे। संगीतकार को दिल का दौरा पड़ने के बाद 17 जनवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। 72 साल के निर्मल मुखर्जी के निधन से उनके फैंस और करीबी दोस्तों को बड़ा झटका लगा है।


निर्मल मुखर्जी को दिल का दौरा पड़ने के बाद 17 जनवरी (मंगलवार) को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां दो दिन बाद यानि 19 जनवरी (गुरुवार) उन्होंने दम तोड़ दिया। निर्मल के निधन से उनका परिवार सदमे में है। संगीतकार अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और दो बेटियों को अकेले छोड़ गए हैं।

 

बता दें, निर्मल मुखर्जी ने बॉलीवुड के तमाम बड़े संगीतकारों के साथ काम किया था। वे पश्चिम के सभी म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट बजाने में कुशल थे। वे हिंदी के अलावा बंगाली भाषा भी अच्छे से जानते थे और मालवणी, मराठी भी बहुत अच्छे से बोल लेते थे। उन्होंने हिंदी फिल्म ‘इही है जिंदगी’ के अलावा मराठी फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया था। वे आनंद-निर्मल के नाम से संगीत देते थे। उनके कुछ एल्बम भी रिलीज हुए थे। उन्होंने ‘गणपति आले मजे घर’ एल्बम के लिए मशहूर गाना तैयार किया था।


निर्मल मुखर्जी ने राजेश रोशन के अलावा पंचमदा, अनु मलिक, कल्याणजी-आनंदजी, जतिन-ललित और विशाल-शेखर जैसे मशहूर संगीतकारों के साथ कांगो, बोंगो, दारबुका, तुम्बा और डी-जेम्बे जैसे म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट बजाए थे।

Content Writer

suman prajapati