शादी के कुछ दिन बाद ही दिव्या का शारीरिक शोषण और मारपीट करने लगा था उनका पति गगन, भाई बोला-जल्द करेंगे घरेलू हिंसा का केस

12/8/2020 2:45:12 PM

मुंबई: टीवी एक्ट्रेस दिव्या भटनागर के निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। दिव्या ने सोमवार को कोरोना संक्रमण की वजह से महज 34 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। दिव्या के निधन के बाद से ही उनके पति गगन पर गंभीर आरोप लग रहे हैं।दिव्या की दोस्त देवोलीना ने गगन पर उनकी पिटाई करने और उत्पीड़न का आरोप लगाया।

वहीं अब दिव्या का परिवार गगन के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराने की तैयारी में है। एक न्यूज पोर्टल से बात करते हुए दिव्या के भाई देवाशीष भटनागर ने कहा कि वह गगन के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराने वाले हैं।

 

देवाशीष ने कहा-'शादी के कुछ दिन बाद से ही गगन ने दिव्या का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया था। 7 नवंबर को उसने एक नोट लिखा था जिसमें बताया था कि गगन उसे गालियां देता है और उत्पीड़न करता है। कल हमें उसकी अलमारी से वो नोट मिला। 16 नवंबर को दिव्या ने पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई थी। जब वह अस्पताल में भर्ती थी तो मैंने उससे कहा था कि वह हिम्मत बनाए रखे।'

दिव्या के भाई ने आगे कहा-'हमें उम्मीद थी कि वह ठीक हो जाएगी। मेरी मां का बुरा हाल है। हमें उसके लिए हिम्मत से काम लेना होगा। यह हमारे लिए मुश्किल वक्त है और हम असहनीय पीड़ा से गुजर रहे हैं।'

इससे पहले दिव्या की दोस्त देवोलीना ने भी एक वीडियो जारी करते हुए गगन पर मारपीट करने और दिव्या के गहने तक चुराने के आरोप लगाए थे। देवोलीना ने गगन पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह पहले भी छेड़छाड़ एक केस में जेल में बंद था। 

Smita Sharma