79 की उम्र में दिग्गज एक्टर दिनयार कॉन्ट्रैक्टर का निधन, PM मोदी ने जताया शोक

6/5/2019 12:42:52 PM

मुंबई: बाॅलीवुड के दिग्गज एक्टर दिनयार कॉन्ट्रैक्टर का 79 साल की उम्र में बुधवार सुबह निधन हो गया। दिनयार बढ़ती उम्र के कारण होने वाली बीमारियों से जूझ रहे थे। दिनयार का अंतिम संस्कार मुंबई के वर्ली स्थित प्रेयर हॉल में दोपहर 3.30 बजे होगा। 

दिनयार के निधन पर पीएम मोदी ने शोक जताया है। पीएम ने ट्विटर पर लिखा कि 'पद्मश्री दिनयार कॉन्ट्रैक्टर हम सबके लिए स्पेशल थे क्योंकि उन्होंने खुशियां फैलाने का काम किया है।

उनकी एक्टिंग से लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती थी। थियेटर, टीवी और सिनेमा के साथ उन्होंने सभी माध्यमों में बखूबी काम किया। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।' 

दिनयार ने एक थिएटर आर्टिस्ट के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी और वह मुख्य तौर पर गुजराती और हिंदी नाटकों में भाग लेते थे। उन्होंने 'बाजीगर', 'खिलाड़ी', 'बादशाह' और '36 चाइना टाउन' जैसी कई मशहूर फिल्मों में काम किया था। इसके अलावा उन्होंने कई सीरियल्स में भी काम किया है। उन्हें साल 2019 में भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों पद्म श्री के अवॉर्ड से भी नवाजा गया था। 
 

Smita Sharma