किसान आंदोलन पर बोले धर्मेंद्र-'वो लोग इतनी सर्दी में सड़कों पे बैठे हैं,एक बार उनकी सुन तो लो'

12/8/2020 1:21:26 PM

मुंबई: कृषि कानूनों को लेकर हो रहे किसानों के आंदोलन पर हाल ही में धर्मेंद्र ने अपनी राय शेयर की। एक ओर जहां एक्टर के बेटे और सांसद सनी देओल ने अपने बयान में कहा था कि मुद्दा सरकार और किसानों के बीच का है, किसी और को इसमें दखल नहीं देना चाहिए।

वहीं धर्मेंद्र ने अपील करते हुए कहा कि एक बार किसानों की बात सुन लेनी चाहिए। इतना ही नहीं धर्मेंद्र इस साल अपना जन्मदिन नहीं मनाना चाहत। जिसकी एक वजह किसान आंदोलन है तो दूसरी कोविड।

 

धर्मेंद्र ने कहा कि देश में कोविड- 19 और किसानों के विरोध के कारण मौजूदा अशांति से वह आहत हैं। एक वेब पोर्टल से बात करते हुए धर्मेंद्र ने कहा-'लोग कोरोनावायरस को भूल गए हैं। देशभर में अफरा-तफरी फैली है। मैं जन्मदिन कैसे मनाऊं? हम सब भारत मां के बच्चे हैं। इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं। किसी की शराफत, मजबूरी या इंसानियत का फायदा न उठाएं। किसान क्या बोलना चाहते हैं, उनकी बात एक बार सुन लो। वो इतनी सर्दी में सड़कों पे बैठे हैं। एक आपसी संवाद से हल निकल सकता है।'

बता दें कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन को लेकर एक्टर पॉलिटिशियन सनी देओल ने रविवार को सोशल मीडिया पर बयान दिया था। गुरदासपुर से भाजपा सांसद सनी देओल ने कहा था कि सरकार हमेशा किसानों के बारे में सोचती है और पार्टी किसानों के साथ है। केंद्र ने हमेशा ही किसानों की बेहतरी के बारे में सोचा है।

Smita Sharma