ड्रग्स की ओवरडोज के चलते हॉस्पिटल में भर्ती हुईं डेमी लोवेटो, प्रियंका-निक ने मांगी सलामती की दुआ

7/25/2018 6:21:47 PM

लंदन: सिंगर डेमी लोवेटो को ओवरडोज ड्रग के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि डेमी ने हेरोइन का ओवरडोज ले लिया लेकिन लोवेटो के नजदीकी सूत्र ने इसका खंडन किया। सूत्रों के अनुसार, लोवेटो को मंगलवार को उनके घर से एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

दरअसल, लोवेटो ने सोमवार रात को वेस्ट हॉलीवुड में अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी सेलिब्रेट की और पार्टी की कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की थी, जिसमें वह अपने फ्रेंड्स के साथ काफी खुश नजर आ रही थीं।

खबरों के मुताबिक डॉक्टर जब लोवेटो के घर पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में थीं। वहीं हाल ही में प्रियंका चोपड़ा ने गायिका डेमी लोवेटो के जल्द ठीक होने की कामना की है। प्रियंका ने बुधवार को ट्वीट कर कहा, डेमी लोवेटो को हिम्मत और प्यार। डेमी के लिए प्रार्थना करें।

 

प्रियंका के कथित प्रेमी और गायक निक जोनस ने लोवेटो को 'फाइटर' कहकर संबोधित किया। निक ने ट्वीट कर कहा, आप सभी की तरह डेमी के बारे में सुना। हम सभी उन्हें प्यार करते हैं और उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। वह फाइटर हैं। डेमी के लिए प्रार्थना करें।

Punjab Kesari