नहीं रहे दिल्ली घराने के संगीतकार उस्ताद इकबाल अहमद खान, 66 की उम्र में हुआ निधन

12/18/2020 10:38:55 AM

मुंबई: दिल्ली घराना के सिंगर उस्ताद इकबाल अहमद खान का वीरवार को निधन हो गया। उस्ताद इकबाल अहमद 66 साल के थे। इस दुखद खबर की जानकारी सिंगर के परिवार ने दी।  उस्ताद इकबाल के दामाद इमरान खान ने बताया कि गुरुवार को प्रार्थना के दौरान उन्हें हार्ट अटैक हुआ। इसके बाद उन्हें पास में दरियागंज के एक हाॅस्पिटल ले जाया गया।  उन्हें वहां मृत घोषित कर दिया गया।

उनका अंतिम संस्कार गुरुवार शाम को निजामुद्दीन दरगाह के पास दिल्ली घराने के पैतृक कब्रिस्तान में किया गया। सिंगर के निधन पर गायक और संगीतकार विशाल ददलानी ने ट्विटर पर गायक की मौत पर शोक जताया है।

विशाल ददलानी ने सिंगर के निधन पर शोक जताते लिखा-'दिल्ली घराने के प्रमुख उस्ताद इकबाल अहमद खान साहब के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। मैंने इंडियन आइडल 2020 के दौरान उनके साथ बातचीत की थी और वह संगीत और सभी संगीतकारों के बारे में बहुत सहानुभूति रखते थे।मैंने आशा की थी कि महामारी खत्म होने के बाद मैं जाकर उनसे मिलूंगा।'

 

वहीं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर लिखा-'दिल्ली घराने के खलीफा उस्ताद इकबाल अहमद खान अब नहीं रहे।दिल्ली के समृद्ध संगीत इतिहास के अग्रदूत और एक उदार गुरु के रूप में आप बहुत याद आएंगे। उनके शिष्यों और परिवार के प्रति संवेदना।' 

 

 

दिल्ली घराने के सिंगर संरक्षक उस्ताद इकबाल अहमद खान को भारतीय शास्त्रीय संगीत की विभिन्न शैलियों ठुमरी, दादरा,भजन और गजलों को लेकर जाना जाता है। इकबाल अहमद खान ने प्रियदर्शनी पुरस्कार (2001) और राजीव रतन सद्भावना सम्मान (2003) सहित कई सम्मान हासिल किए है। 

Smita Sharma