कोरोना के चलते अस्पताल में भर्ती दीपिका पादुकोण के पिता प्रकाश, मां और बहन की रिपोर्ट भी आई पॉजिटिव

5/4/2021 4:06:07 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. कोरोना वायरस के केस इन दिनों फिर से जोर पकड़ रहे हैं। आए दिन भारी संख्या में लोग इसके चपेट में आ रहे हैं। अब तक कई बॉलीवुड स्टार्स और उनके फैमिली मेंबर्स इस वायरस का शिकार हो चुके हैं। वहीं अब एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की फैमिली भी इस महामारी की गिरफ्त में आ गई है। 


रिपोर्ट्स के मुताबिक दीपिका पादुकोण के पिता और पूर्व भारतीय बैडमिंटन प्लेयर प्रकाश पादुकोण भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं और बेंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती हैं। इस सप्ताह के अंत में उन्हें छुट्टी मिल सकती है।


दीपिका के पिता के करीबी दोस्त विमल कुमार ने पीटीआई को बताया कि करीबी 10 दिन पहले प्रकाश की पत्नी (उजाला) और दूसरी बेटी (अनिशा) ने भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि की थी, जिसके बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था, लेकिन एक हफ्ते के बाद प्रकाश का बुखार कम नहीं हुआ। इसलिए पिछले शनिवार को उन्हें बेंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने कहा, "वह अब ठीक हैं। उनके सभी पैरामीटर ठीक हैं। उनकी पत्नी और बेटी घर पर हैं और उन्हें भी 2-3 दिनों में छुट्टी दे दी जाएगी।"

Content Writer

suman prajapati