TMKOC में जल्द दिखेंगी दयाबेन, शो के प्रोड्यूसर ने दिशा वकानी की वापसी को लेकर कही ये बड़ी बात

7/31/2023 11:40:37 AM

नई दिल्ली। छोटे पर्दे का मोस्ट पॉपुलर शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' हर तबके के दर्शकों का पसंदीदा रहा है। हाल ही में इस शो ने अपने 15 साल पूरे कर लिए हैं। वहीं शो का हर किरदार घर-घर में मशहूर है। बच्चों से लेकर महिलाओं और उम्रदराज के लोगों तक 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के फैन हैं। खासकर 'दयाबेन' तो इस शो की जान रही हैं, लेकिन लंबे समय से वह इस शो से गायब हैं। दर्शकों को आज भी उनकी कमी बेहद खलती हैं। दरअसल इस शो में दया भाभी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस दिशा वकानी ने शो से मैटरनिटी ब्रेक लिया था, तभी से एक्ट्रेस 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से नदारद हैं। वहीं ताजा अपडेट के मुताबिक फैंस को अब अपनी दया भाभी को देखने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। 

 

शो में जल्द वापसी करेंगी दिशा वकानी
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' पिछले काफी समय से सुर्खियों में रहा है। वहीं साल दर साल यह शो नई ऊंचाईयों को छू रहा है। हालांकि इस बीच शो के कई किरदार गायब हो गए लेकिन इसकी कहानी ने दर्शकों को इससे बांधे रखा। वहीं हाल ही में 'तारक मेहता' के 15 साल पूरे होने पर शो के प्रोड्यूसर असित मोदी ने दर्शकों को एक प्यारा सा सरप्राइज दिया है। उन्होंने इस शो में दया बेन की वापसी पर मुहर लगा दी है। एक इवेंट के दौरान असित मोदी ने दिशा वकानी उर्फ दया बेन के कमबैक की अनाउंसमेंट की है। 

असित मोदी ने किया कंफर्म
असित मोदी ने कहा  "15 सालों के इस सफर की आप सभी को ढ़ेर सारी शुभकामनाएं। इस मौके पर शो के एक कलाकार को हम बिल्कुल भी भूल नहीं सकते हैं और वो हैं दया भाभी उर्फ दिशा वकानी। उन्होंने कई सालों तक अपने फैंस और हमें हंसाया और गुदगुदाया है। उनके फैंस भी उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में मैं आप सभी से वादा करता हूं कि दिशा वकानी जल्द ही तारक मेहता का उल्टा चश्मा में वापस आएंगी।"

बता दें कि 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में भी इन दिनों दयाबेन के आने की काफी सारी हिंट दी जा रही है। शो में दयाबेन के भाई सुंदरलाल सभी से वादा करते हैं कि इस दिवाली से पहले मैं बहना को गोकुलधाम सोसाइटी में वापस लेकर आऊंगा। 

Content Editor

Varsha Yadav