'दंगल गर्ल' फातिमा सना शेख को पड़ते हैं मिर्गी के दौरे,सेट पर हो जाती थीं बेहोश

11/15/2022 9:59:35 AM

मुंबई: 'दंगल गर्ल' यानि एक्ट्रेस फातिमा सना शेख ने इस समय  एपिलेप्सी (मिर्गी) की बीमारी से जूझ रही हैं। इसका खुलासा एक्ट्रेस ने खुद किया। फातिमा ने हाल ही में बताया कि उन्हें 'मिर्गी' के अटैक पड़ते रहते हैं। दरअसल, नवंबर महीने को मिर्गी जागरूकता अभियान माह के रूप में मनाया जाता है।

इसी को हाइलाइट करते हुए फातिमा ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बीमारी का खुलासा किया। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर अपनी इस बीमारी को लेकर बात की। इतना ही नहीं उन्होंने लोगों के बीच इसकी जागरूकता बढ़ाने के लिए इंस्टाग्राम पर फैंस से मिर्गी को लेकर सवाल और जवाब का सेशन भी किया। उन्होंने मिर्गी को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए अपने फॉलोअर्स के साथ 'आस्क मी एनी थिंग्स' का सेशन किया। 

सवाल जवाब के दौरान  एक यूजर ने उनसे पूछा कि वो इस बीमारी से कैसे डील कर रही हैं? इस पर एक्ट्रेस ने कहा-'उनके पास अच्छा सपोर्ट सिस्टम है! उनका परिवार, दोस्त और उनके पेट। कुछ दिन अच्छे होते हैं लेकिन कुछ बुरे भी होते हैं।'

वहीं जब एक यूजर ने फातिमा से पूछा कि उन्हें कब इस बीमारी (मिर्गी) के बारे में पता चला। इस पर फातिमा ने कहा-'जब वह ‘दंगल’ फिल्म की शूटिंग कर रही थीं, तब उन्हें अटैक पड़े थे और वह बेहोश हो गईं। इसके बाद वह सीधे हाॅस्पिटल में उठीं। तब पहली बार उन्हें मिर्गी का दौरा आया था। फातिमा बताती हैं कि पहले तो वह इस बीमारी को लेकर बेहद डर गई थीं। फिर धीरे-धीरे उन्होंने इससे ओवरकम किया। फातिमा ने कहा कि वह इस बीमारी को पांच सालों तक नजरअंदाज करती रहीं लेकिन वह सलाह देते हुए कहती हैं कि अन्य मरीजों को ऐसा नहीं करना चाहिए सही समय पर बीमारी को स्वीकारने से ही इलाज संभव है।'


फातिमा से पूछा गया कैसे एपिलेप्सी ने उन्हें प्रोफेशनली इफेक्ट किया है? जवाब में फातिमा कहती हैं- 'मुझे थोड़ा स्लो चलना पड़ता है लेकिन मैं सब कुछ कर सकती हूं। कुछ अजीब और मुश्किल दिन होते हैं जो मुझे स्लो कर देते हैं पर मैं खुशकिस्मत हूं कि उन लोगों के साथ काम कर पा रही हूं जिनके साथ काम करने की मेरी इच्छा थी। इसने मेरे पैशन को कम नहीं किया है और ना ही कभी मुझे मेरा बेस्ट देने से रोका है। वास्तव में इसने मुझे और मेहनत करने के लिए पुश किया है। फातिमा ने बताया कि उनका डॉगी बिजली उनके लिए थेरेपी की तरह है।'

एक यूजर ने पूछा कि एपिलेप्सी के मरीजों को बदबूदार जूता सूंघने के लिए मजबूर किया जाता है। इस बात को गलत ठहराते हुए दंगल गर्ल ने कहा- ये मिथ है। प्लीज ऐसा मत करना।इससे बाहर निकलना वैसे भी इतना भयानक है। सबसे आखिरी चीज जो आप चाहोगे वो है बदबूदार जूता सूंघना।हाहाहा। लोगों ने ये मेरे साथ किया था। ये भयावह था. (उल्टी का इमोजी)।

वर्कफ्रंट की बात करें तो फातिमा सना शेख आखिरी बार फिल्म 'थाम' में नजर आईं थीं। अपकमिंग फिल्म की बात करें तो वह जल्द ही 'सैम बहादुर' और 'धक धक' में दिखेंगी। 

 

Content Writer

Smita Sharma