दरियादिली:कंटेस्टेंट का दर्द सुन पिघला राघव जुयाल का दिल, 8 लाख की मदद का बढ़ाया हाथ

9/18/2021 12:50:09 PM

मुबंई: डांसर, कोरियोग्राफर और टीवी होस्‍ट राघव जुयाल अपने मस्तमौला अंदाज के साथ-साथ नेकदिली के लिए भी जाने जाते हैं। कोरोना काल में  राघव जुयाल ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ कई तरह से लोगों की मदद की। मुश्किल हालातों में लोगों की सेवा कर उन्होंने ये बता दिया था वह कितने दिलदार हैं। वहीं अब राघव जुयाल ने एक और नेक काम किया।

इन दिनों डांस रियालिटी शो डांस प्लस 6 को होस्ट कर रहे राघव जुयाल ने शो में आए कंटेस्टेंट की मदद की तरफ हाथ बढ़ाया है। दरअसल, एक कंटेस्टेंट छत्तीसगढ़ के रायपुर से शो में पहुंचा है, जिसका नाम है एवन नागपुरे। उन्होंने जबरदस्त डांस दिखाया। इस दौरान उन्होंने बताया कि वह 10 लाख रुपए के लिए वह यहां इस शो में आए हैं, जिससे वह अपने पिता का कर्जा भर सके।

एवन ने बताया कि कोरोना के कारण उनके  पिता का निधन हुआ था। ऑक्सीजन की कमी और समय पर बैड नहीं मिल पाने की वजह से उनके पिता दुनिया से चल बसे। पिता के निधन के बाद अब घर की जिम्मेदारी नन्हें कंधों पर है।. कंटेस्टेंट ने बताया कि उनको डांस में काफी रूचि है और उन्होंने ये ठान लिया कि इसके जरिए वह अपने पिता के कर्ज को पूरा कर सकते हैं।
 

एवन की कहानी को सुनने के बाद होस्ट राघव जुयाल काफी इमोशनल हो गए और उन्होंने एवन के पिता द्वारा लिए गए कर्ज की बाकी राशि को चुकाने का फैसला किया। राघव ने शो के दौरान एवन से वादा किया कि वह बची 8 लाख रुपए की राशि चुकाएंगे। एवन टीम पुनीत पाठक की हिस्सा हैं। राघव के इस कदम की अब लोग सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ कर रहे हैं।
 

Content Writer

Smita Sharma