रिलीज के बाद भी जारी है 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' पर विवाद, रद्द हुए शो

1/11/2019 5:27:42 PM

मुंबई: फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इसमें एक्टर अनुपम खेर लीड रोल में है। जहां फिल्म रिलीज से पहले विवादों में थी, वहीं अब फिल्म रिलीज के बाद भी विवादों में घिर गई है। जानकारी के मुताबिक कोलकाता के एक सिनेमाघर में शुक्रवार को फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' का शो युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बीच सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया गया। मध्य कोलकाता के चांदनी चौक इलाके के हिंद सिनेमा में कुछ दर्शकों ने बताया कि शो पहले दिन स्क्रीनिंग के 10 मिनट बाद ही रद्द कर दिया गया। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "सुरक्षा कारणों के चलते 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' की दोपहर की स्क्रीनिंग रद्द कर दी गई क्योंकि हॉल के बाहर एक समूह द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था।" हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि फिल्म का अगला शो दिखाया जाएगा या नहीं।

 

 

वहीं फिल्म को लेकर एक वरिष्ठ नेता ने इंदौर के एक शॉपिंग मॉल खुब हंगामा किया। दरअसल,भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के एक वरिष्ठ नेता के कथित रूप से धमकी भरे संदेश पर भड़के करीब 300 भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को इंदौर के एक शॉपिंग मॉल में हंगामा किया। वे फिल्म की रिलीज के पहले दिन इसका शो देखने पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार  वह बैंड-बाजे के साथ आए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विजय नगर क्षेत्र स्थित मल्हार मेगा मॉल में एक साथ दाखिल हुए। हंगामे की आशंका को देखते हुए वहां पहले ही पुलिस बल तैनात था। अधिकारी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं को शॉपिंग मॉल में हुड़दंग से रोका गया और उनसे कहा गया कि वे शांतिपूर्ण ढंग से फिल्म देखें। इस दौरान पुलिस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच मामूली कहा-सुनी भी हो गई। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस पर "तानाशाही" का आरोप लगाया।

Konika