विवादो में घिरी ''द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर'', कांग्रेस नेता ने जताई आपत्त‍ि

12/27/2018 5:35:24 PM

मुंबईः पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बायोपिक फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' का ट्रेलर आज रिलीज हो गया है। ये फिल्म प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार रहे संजय बारू द्वारा लिखी गई किताब पर आधारित है। लेकिन ट्रेलर रिलीज होते ही फिल्म विवादो में घिर गई है। एक कांग्रेस नेता ने फिल्म के ट्रेलर पर आपत्त‍ि जताई है। यूथ कांग्रेस के महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष सत्यजीत टाम्बे ने फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर को पत्र लिखकर अपनी आपत्त‍ि दर्ज कराई है।सत्यजीत टाम्बे का कहना है कि पहले इस फिल्म को कांग्रेस के नेताओं को दिखाया जाए। यदि निर्माता-निर्देशक ऐसा नहीं करते हैं, तो कांग्रेस कोर्ट के दरवाजे खटखटाएगी। लोकसभा चुनाव से पहले रिलीज होने जा रही इस फिल्म के ट्रेलर ने राजनीतिक महकमे में हलचल पैदा कर दी है। फिल्म में कांग्रेस के भीतर की राजनीति, सोनिया गांधी और उनके परिवार पर निशाना साधा गया है।

 

 

कमाल का है ट्रेलर


ट्रेलर अनुपम खेर से शुरू होता है। संजय बारू का किरदार अक्षय खन्ना निभा रहे हैं। वे बताते हैं- "मुझे तो डॉ. साहब (मनमोहन सिंह) भीष्म जैसे लगते हैं, जिनमें कोई बुराई नहीं है। पर फैमिली ड्रामा के विक्टिम हो गए। महाभारत में दो फैमिलीज थीं, इंडिया में तो एक ही है।" ट्रेलर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसमें राहुल गांधी की पार्टी में भूमिका, प्रियंका गांधी और प्रधानमंत्री के तौर पर मनमोहन सिंह की ताजपोशी के पीछे की कहानियों को दिखाया जाएगा। फिल्म 11 जनवरी को रिलीज होगी। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान ये फिल्म चर्चा में रह सकती है। फ‍िल्म में मनमोहन सिंह के 10 साल के बतौर प्रधानमंत्री कार्यकाल को दिखाया गया है।

Konika