''चलो छुटकारा तो मिला..राजू श्रीवास्तव की मौत पर कॉमेडियन रोहन का विवादित कमेंट, लोगों ने सुनाई खरी-खोटी तो मांगी माफी

9/22/2022 1:22:06 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. जाने माने कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव अस्पताल में मौत से लंबी लड़ाई के बाद 21 सितंबर को इस दुनिया को अलविदा कह गए। उनके निधन से उनके चाहने वालों को बड़ा झटका लगा और वह सोशल मीडिया पर कॉमेडियन को श्रद्धांजलि देते नजर आए। इसी बीच स्टैंडअप कॉमेडियन रोहन जोशी के दिवंगत राजू श्रीवास्तव को लेकर किए कमेंट ने बवाल मचा दिया है। उन्होंने राजू की मौत पर विवादित टिप्पणी की, जिसके बाद उनकी कड़ी आलोचना की गई। बाद में उन्होंने वो विवादित कमेंट डिलीट कर दिया और सफाई देते हुए अपना पक्ष रखा है।

 

दरअसल, यूट्यूबर अतुल खत्री ने भी राजू को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी मौत को इंडियन स्टैंडअप कॉमेडी के लिए बड़ी क्षति बताया था। अतुल खत्री के इस पोस्ट पर रोहन जोशी ने एक लंबा चौड़ा कमेंट किया, जिसमें उन्होंने लिखा- हमने एक चीज नहीं खोई है। चाहे ये कर्मा था चाहे रोस्ट था या न्यूज में कोई कॉमेडी, राजू श्रीवास्तव ने स्टैंडअप की नई लहर शुरू होने के बाद नए कॉमिक्स के खिलाफ बोलने को कभी कोई मौका नहीं छोड़ा था।


रोहन ने आगे लिखा- ''वे हर वक्त अपकमिंग आर्ट फॉर्म के खिलाफ न्यूज चैनल पर बोलते थे। इसे ऑफेंसिव कहते थे क्योंकि उन्हें ये स्टाइल समझ नहीं आता था। भले ही उन्होंने कुछ अच्छे जोक्स बोले होंगे लेकिन वे कॉमेडी की स्प्रिट के बारे में कुछ नहीं जानते थे। चलो छुटकारा तो मिला।''

 

रोहन जोशी ये कमेंट देख लोगों का आक्रोश बढ़ गया और उनकी खूब आलोचना करने लगे। लोगों का नेगेटिव रिएक्शन को देखकर रोहन ने अपना कमेंट डिलीट कर दिया और फिर सफाई देते हुए लिखा- यही सोचकर डिलीट किया क्योंकि एक मिनट के गुस्से के बाद मैंने सोचा आज पर्सनल फीलिंग्स को सामने लाने का दिन नहीं है। सॉरी अगर मैंने आपको दुख पहुंचाया और इस दृष्टिकोण के लिए शुक्रिया।
 

Content Writer

suman prajapati