नहीं रहे जाने माने शास्त्रीय गायक पंडित जसराज, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम मोदी ने जताया शोक

8/18/2020 10:55:31 AM

बॉलीवुड तड़का टीम. मशहूर शास्त्रीय गायक पंडित जसराज अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका अमेरिका में सोमवार सुबह 5 बजे के करीब निधन हो गया। जसराज 90 साल के थे। उनके निधन की पुष्टि उनकी पोती मीनाक्षी ने बीबीसी की सहयोगी पत्रकार मधु पाल से की है। वहीं उनके परिवार ने भी बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ने से उनका देहांत हुआ है। 


बता दें पंडित जसराज का जन्म संगीतकारों के परिवार में हुआ था। जब जसराज सिर्फ चार साल के थे उनके पिता का निधन हो गया था। उनके बाद उनके भाई और गुरू पंडित मणिराम ने उनकी संगीत पढ़ाई का जिम्मा उठाया। पंडित जसराज का नाता संगीत के मेवाती घराने से रहा था जिसकी शुरूआत जोधपुर के पंडित घग्गे नजीर खान ने की थी। उनके शिष्य पंडिय नत्थुलाल से पंडित जसराज के पिता ने संगीत की शिक्षा ली थी।


पंडित जसराज ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को विश्व में महत्वपूर्ण स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। पंडित 80 साल की ज्यादा उम्र में भी संगीत जगत में काफी समय तक सक्रिय रहे। उन्होने न सिर्फ भारत  बल्कि अमेरिका और कनाडा में भी शास्त्रीय संगीत का झंडा लहराया था।

जसराज के निधन से उनके फैंस को गहरा सदमा लगा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी सोशल मीडिया पर उनके निधन पर शोक जताया है। <

 

  
 
 

 

 

Edited By

suman prajapati