मनोज पाटिल को सुसाइड के लिए उकसाने के आरोप में साहिल खान समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज

9/17/2021 12:29:11 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. मॉडल और प्रोफेशनल बॉडी बिल्डर मनोज पाटिल ने बीते दिन आत्महत्या करने की कोशिश की थी और इसके साथ ही उन्होंने सुसाइड नोट भी लिखा था। राहत की बात ये कि उनकी जान बच गई, लेकिन उनके सुसाइड नोट से साहिल खान पुलिस के हत्थे आ गए हैं, क्योंकि मनोज ने अपने सुसाइड लेटर में साहिल समेत तीन लोगों को दोषी बताया था। एक्टर साहिल खान समेत तीन लोगों के खिलाफ मनोज पाटिल को कथित रूप से उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। 


दरअसल, मनोज पाटिल ने गुरुवार की सुबह ओशिवारा स्थित अपने आवास पर  नींद की गोलियां खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की थी। कथित घटना पाटिल के सैलीला भवन स्थित घर पर दोपहर 12.30 बजे से 1 बजे के बीच हुई, जिसके बाद उनके परिवार के सदस्यों ने उन्हें कूपर अस्पताल पहुंचाया था। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 

एएनआई के अनुसार, मुंबई पुलिस ने पुष्टि की है कि अभिनेता मनोज पाटिल को आत्महत्या के प्रयास के लिए उकसाने के आरोप में साहिल खान और तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले, मनोज के परिवार ने खुलासा किया था कि बॉडी बिल्डर ने साहिल खान के खिलाफ ओशिवारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें कहा गया था कि उन्हें एक्टर द्वारा परेशान किया जा रहा है।


विवाद में अपना नाम घसीटे जाने के तुरंत बाद, साहिल खान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी सफाई पेश की। एक्टर ने कहा कि पूरा मामला मनोज पाटिल और राज फौजदार नाम के शख्स के बीच का है। मैं एक सोशल नेटवर्किंग साइट पर राज फौजदार नाम के एक लड़के से मिला था। वह दिल्ली से है और उसने एक वीडियो बनाया था कि मनोज पाटिल ने उससे 2 लाख रुपये लिए और उसे एक्सपायर्ड स्टेरॉयड बेच दिया जिसके बाद उसे दिल की कुछ समस्याएं और त्वचा की समस्याएं भी हो गईं। फौजदार के पास वित्तीय लेनदेन के सभी आवश्यक बिल और रसीदें हैं। वह सोशल मीडिया का समर्थन चाहता था, इसलिए मैंने उसका वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर लोगों से फौजदार का समर्थन करने के लिए कहा। मैंने यह भी कहा कि स्टेरॉयड रैकेट बंद होना चाहिए। फौजदार ने कहा था कि मनोज पाटिल उनके पैसे नहीं लौटा रहे हैं और उन्होंने पैसे की व्यवस्था करने के लिए अपनी मोटरसाइकिल भी बेच दी थी। साहिल खान ने यह भी कहा कि वह कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं।


 

Content Writer

suman prajapati