सलमान के बंगले पर क्राइम ब्रांच का छापा, हाथ लगा 29 साल से फरार अपराधी

10/10/2019 8:42:33 AM

मुंबई: मुंबई पुलिस ने बुधवार को बाॅलीवुड एक्टर सलमान खान के बंगले की देखभाल करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया। पिछले 20 साल से सलमान के बंगले की देखरेख कर रहा ये शख्स मुंबई पुलिस का वांछित अपराधी है।  मुंबई पुलिस बीते 29 साल से इसकी तलाश कर रही थी। सूत्रों के मुताबिक सलमान के गोराई स्थित बंगले से गिरफ्तार इस शख्स का नाम शक्ति सिद्धेश्वर राणा है। 62 साल के इस शख्स के यहां काम करने की सूचना पुलिस को अपने एक गुप्तचर से मिली।

 

पुलिस की क्राइम ब्रांच की यूनिट 4 ने मुखबिर से सूचना मिलने पर पूरी योजना बनाकर सलमान के घर पर धावा बोला। वहीं पुलिस को आते देख राणा ने बंगले से भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उस वक्त घर को चारों तरफ से घेर था, जिसके चलते वह वहां से भाग नहीं पाया। 

 

क्या था मामला 

 

पुलिस ने बताया कि राणा और उसके कुछ साथियों को पुलिस ने 1990 में चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया था। बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया और उसके बाद से लगातार पुलिस को चकमा देता रहा। जब राणा पेशियों पर भी अदालत नहीं पहुंचा तो उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी हो गया। राणा के अचानक शहर से गायब हो जाने के बाद भी मुंबई पुलिस उसकी लगातार जानकारी हासिल करती रही और दो दिन पहले ही राणा के एक आलीशान बंगले में मौजूद होने की जानकारी मिली।

पुलिस जब मुखबिर की निशानदेही पर मौके पर पहुंची तो उसे पता चला कि ये बंगला सलमान का है। लेकिन, पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बिना सलमान को बताए बंगले पर छापा मारा और राणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में सलमान से भी पूछताछ किए जाने की तैयारी है ताकि पता चल सके कि राणा उनके संपर्क में कब, कैसे और किसके जरिए आया।

काम की बात करें तो सलमान ने हाल ही में फिल्म 'दबंग 3' की शूटिंग खत्म की है। इस फिल्म में उनके साथ सोनाक्षी सिन्हा, सुदीप, माही गिल जैसे कई स्टार्स हैं। फिल्म इसी साल 20 दिसंबर को रिलीज होगी। 

 

Smita Sharma