5 साल बाद बोनी कपूर ने खोला पत्नी श्रीदेवी की मौत का राज, बोले- सख्त डाइट ने ले ली उनकी जान

10/3/2023 10:36:26 AM

बॉलीवुड तड़का टीम. 24 फरवरी, 2018 वो मनहूस दिन..जब बॉलीवुड की चांदनी श्रीदेवी इस दुनिया को अलविदा कह गई थीं। दुबई में उनके अचानक निधन ने इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था। कहा जाता है कि होटल के बाथरूम के टब में डूबने से श्रीदेवी की मौत हो गई थी। वहीं, सालों तक पत्नी के निधन पर चुप्पी साधने के बाद अब हाल ही में बोनी कपूर उस रात का राज खोला और बताया कि एक्ट्रेस की मौत किस वजह से हुई थी।


श्रीदेवी एक ऐसी अभिनेत्री थीं, जिनकी एक्टिंग, डांसिंग और खूबसूरती के आगे बड़ी-बड़ी हीरोइनें फेल थीं। ढलती उम्र में भी श्रीदेवी ने खुद को जवां और फिट रखा था। हालांकि, उनकी जवानी का राज उनका स्ट्रिक्ट डाइट था, जो शायद उनकी मौत का भी कारण बना।

 

 

 
पांच साल बाद बोनी कपूर ने श्री देवी की मौत को लेकर एक इंटरव्यू में बताया- यह नेचुरल मौत नहीं थी। यह एक एक्सिडेंटल डेथ थी। मैंने इस बारे में बात न करने का फैसला इसलिए लिया था, क्योंकि जांच-पड़ताल और पूछताछ के दौरान मैंने 24 या 48 घंटे लगातार इस बारे में बात की थी। अधिकारियों को ऐसा करना पड़ा, क्योंकि भारतीय मीडिया की तरफ से उन्हें बहुत प्रेशर आ रहा था। आखिरकार उन्हें पता चला कि इसमें कोई बेइमानी नहीं थी। मैं लाई डिटेक्टर टेस्ट समेत कई टेस्ट से गुजरा और जो रिपोर्ट सामने आई, उसमें साफ पता चल गया कि यह एक एक्सिडेंट था।


बोनी कपूर ने बताया कि आखिर श्रीदेवी की मौत क्यों हुई। उनका कहना है कि श्रीदेवी इतनी स्ट्रिक्ट डाइट पर रहती थीं कि वह कई बार बेहोश भी हो गई थीं। उन्होंने कहा- वह अक्सर भूखी रहती थीं। वह अच्छा दिखना चाहती थीं। वह यह सुनिश्चित करती थीं कि वह अच्छी शेप में रहें। ऑन-स्क्रीन वह अच्छी दिखती भी थीं। जब से उनकी मुझसे शादी हुई, तब से वह कई मौकों पर बेहोश हो चुकी थीं। डॉक्टर कहते रहते थे कि उन्हें लो बीपी है। यह दुर्भाग्यपूर्ण था। उनके निधन के बाद नागार्जुन शोक जताने के लिए आए थे और उन्होंने मुझसे कहा था कि उनकी एक फिल्म की शूटिंग के दौरान वह फिर से एक सख्त डाइट पर थीं और इसी वजह से वह बाथरूम में गिर गईं और उनका दांत टूट गया था।

 


बोनी कपूर ने कहा कि डॉक्टर के लाख समझाने के बावजूद श्रीदेवी नहीं मानीं और उनके सख्त डाइट ने उनकी जान ले ली। फिल्ममेकर ने कहा, "दुर्भाग्य से उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया और कभी नहीं सोचा कि घटना इतनी गंभीर हो सकती है।" 

 

 

 


बोनी खुलासा किया कि उन्होंने कई बार उन्हें नमक खाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं मानती थीं। वह अक्सर बिना नमक के ही खाना खाती थीं।

Content Writer

suman prajapati