बिपाशा ने शेयर की बेटी की क्यूट तस्वीर, मम्मी संग प्लैंक योगा करती दिखीं 11 महीने की ''देवी''

10/9/2023 6:49:28 PM


मुंबई:  पॉपुलर एक्ट्रेस बिपाशा बसु इस समय अपनी मदरहुड लाइफ को एंजाॅय कर रही हैं। शादी के 6 साल बाद मां बनी एक्ट्रेस अपनी बेटी देवी के साथ खूब क्वालिटी टाइम स्पेंड कर रही हैं।

देवी के जन्म के बाद से करण और बिपाशा अक्सर उसके साथ बिताई गई प्यारी झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। हाल ही में, मां-बेटी की जोड़ी ने एक साथ प्लैंक योग किया तो एक्ट्रेस ने इस कैंडिड क्लिक को फैंस के साथ शेयर किया।

तस्वीर में जहां अभिनेत्री ने पूरी तरह से ब्लैक कलर का एथलेजर पहना हुआ था। वहीं उनकी राजकुमारी प्रिंटेड ओनेसी में बेहद सुंदर लग रही थीं। उन्हें एक साथ प्लैंक योग पोज देते हुए देखा गया।जैसा कि हम सभी जानते हैं बिपाशा एक फिटनेस फ्रीक हैं, वहीं ऐसा लगता है कि उनकी बेटी भी उनसे कम नहीं है। तस्वीर शेयर करते हुए बिपाशा ने लिखा- "तो कोई हमेशा खुद को मेरे ... मी टाइम में शामिल करता है !!! यह स्वीकार करना शुरू कर रही हूं कि मेरे लिए अब कोई मी टाइम नहीं है। #mamatryingtogetfit #loveyourself।"

नेहा धूपिया के साथ बातचीत में बिपाशा ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया था और बताया था कि देवी के दिल में दो छेद थे। बिपाशा ने यह भी याद किया था कि कैसे वह और करण हर महीने स्कैन के लिए जाते थे और डॉक्टरों को संदेह था कि छेद ठीक हो रहे हैं या नहीं। हालांकि, उन्होंने तीन महीने तक इंतजार किया और आखिरकार सर्जरी करवाने का फैसला लिया। जहां करण देवी की सर्जरी के लिए तैयार नहीं थे, वहीं बिपाशा नहीं चाहती थीं कि उनकी बच्ची को भविष्य में किसी परेशानी का सामना करना पड़े। अंत में उन्होंने खुलासा करते हुए कहा था कि जब देवी का ऑपरेशन छह घंटे तक चला था तो उन्हें उम्मीद थी कि कुछ भी गलत नहीं होगा, लेकिन फिर भी वह चिंतित थीं। अंत में बिपाशा ने बताया कि सर्जरी सफल रही और अब देवी ठीक हैं।

बता दें कि बिपाशा ने साल 2016 में अपने 'जीवन के प्यार' करण सिंह ग्रोवर के साथ शादी की थी और लगभग 6 साल की मैरिड लाइफ के बाद कपल ने नवंबर 2022 में अपनी लाडली बेटी का देवी बसु सिंह ग्रोवर का स्वागत किया।

Content Writer

Smita Sharma