डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने की रिया की औकात पर टिप्पणी तो यूजर्स ने बताया ''नारी का अपमान'', मांगनी पड़ी माफी

8/20/2020 12:01:54 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. सुशांत सिंह मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद लोगों ने खूब खुशी जताई और इसे लेकर ट्वीट भी किए। इसी बीच बिहार के डीजीपी ने भी इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा था बिहार के मुख्यमंत्री पर टिप्पणी करने की औकात रिया चक्रवर्ती की नहीं है। उनका ये बयान लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। लेकिन उन्हेें नहीं पता था कि उन्हें इस औकात वाली बात के लिए माफी मांगनी पड़ सकती है।


गुप्तेशवर पांडे का ये बयान खूब चर्चा में रहा तो कई ने महिलाओं के सम्मान को लेकर औकात शब्द पर आपत्ति भी जताई। इस सब मामले के बारे में बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे मीडिया से बात करते हुए कहा, "मुझे कोई समझा दे कि इसमें क्या गलत है, क्या अमर्यादित है और क्या गैर कानूनी है। मैंने कहा कि उनकी हैसियत नहीं है कि वो बिहार के मुख्यमंत्री पर रिया चक्रवर्ती कोई अभद्र, अशोभनीय टिप्पणी करें। अगर इससे उनको कोई तकलीफ़ है। उनको लगता है कि मैंने ये औकात शब्द का जो इस्तेमाल किया है, उससे उनकी गरिमा को चोट पहुँची है, तो इसके लिए मुझे क्षमा मांगने में कोई संकोच नहीं है। लेकिन केवल महिला होने की लिबर्टी ये नहीं है कि आप किसी प्रांत के मुख्यमंत्री, वैसा मुख्यमंत्री जो अपनी ईमानदारी के लिए और अपनी इंसाफ़पसंदी के लिए जाना जाता है, उस पर आप कोई अमर्यादित, अशोभनीय टिप्पणी करें। अगर मेरी बात से कोई तकलीफ़ है तो क्षमा मांगते हैं।"


बता दें रिया की औकात पर टिप्पणी करने को लेकर कुछ यूजर्स ने डीजीपी के इस बयान पर आपत्ति जताते हुए एक यूजर ने आईपीएस एसोसिएशन को टैग करते हुए लिखा - क्या है ये। क्या ये महिलाओं का सम्मान है। कृपया कोई कार्रवाई करें। एक तरफ बोलते हैं नारी का सम्मान करो, दूसरी तरफ़ नारी की औकात निकाल के उसका अपमान करते हैं। इसी तरह और भी कईयों ने नारी के अपमान पर बिहार के डीजीपी के खिलाफ ट्वीट किए, वहीं कईयों ने गुप्तेश्वर पांडे के पक्ष में भी टिप्पणी की। एक यूजर ने लिखा कि हम भारतीय औकात शब्द का इस्तेमाल करते रहते हैं।

बता दें सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को बांद्रा स्थित फ्लैट में मृत पाए गए थे। उनकी मौत के बाद लगातार पुलिस कार्रवाई कर रही थी। मुंबई पुलिस के महीने भर तक कार्रवाई के बाद भी कोई सुराख न मिलने पर सुशांत के पिता ने बिहार में पटना पुलिस को मामला दर्ज कराया था और रिया पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। बिहार पुलिस के पास मामला दर्ज कराने के बाद ये और भी उलझ गया। इस मामले में ईडी की पूछताछ के बाद अब सुप्रीम कोर्ट ने इसे सीबीआई जांच की मंजूरी दे दी है।

 

 
 

suman prajapati