''इंडस्ट्री में कई सुशांत-विवेक,यहां मुंह से छीन लिया जाता है आखिरी निवाला,'' कोएना मित्रा ने खोले ये राज

6/16/2020 9:47:50 AM

मुंबई: एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड करने के बाद अब इंडस्ट्री में भाई-भतीजावाद का मुद्दा फिर गर्मा गया है। इंडस्ट्री के कई स्टार्स ने नेपोटिज्म को लेकर अपनी भड़ास निकाली है। एक्ट्रेस कंगना रनौत, रवीना टंडन के बाद अब बिग बॉस 13 की कंटेस्टेंट कोएना मित्रा ने कहा कि बॉलीवुड में कई सुशांत सिंह राजपूत और विवेक ओबरॉय हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कोएना ने कहा-'सुशांत काफी तेज और हैंडसम एक्टर था।

उसकी कुछ फिल्में बेहतरीन और सफल थी। मैंने पढ़ा है कि इसके बावजूद उसे हमेश एक बाहरी व्यक्ति जैसा ट्रीट किया जाता था। न ही उसे शादी में और नही पार्टियों में बुलाया जाता था।'कोएना ने आगे कहा- 'फिल्म इंडस्ट्री में वह पहला शख्स नहीं था, जिसने ऐसा अनुभव किया है। जब तक आप स्टारकिड या फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव लोगों के परिवार से नहीं है तो बॉलीवुड आपको परिवार की तरह ट्रीट नहीं करेगा।'

मुंह से छीन लिया जाता है आखिरी निवाला

इंटरव्यू में कोएना कहती हैं- 'ये बेहद दुखद है, वो पहला नहीं है ऐसे कई सुशांत हमारी इंडस्ट्री में मौजूद हैं। मैं उसे कायर नहीं कहूंगी। कोई नहीं जानता कि उस पर क्या बीत रही थी। वो इसे झेल नहीं सका लेकिन कोई उसे कमजोर नहीं कह सकता है। शायद वह बेहद गुस्से में था और जानता था कि गुस्सा जाहिर करने का कोई फायदा नहीं है।'कोएना ने आगे कहा हैं- 'बॉलीवुड में अब कला की कोई जगह नहीं है। अब यहां केवल फैशन और लाइफस्टाइल ही पॉपुलर है। यहां पर ग्रुपिज्म और दोस्ती चलती है, जहां दोस्त आपके लिए फ्री में काम करते हैं। इंडस्ट्री में आपकी रोटी छीनने वाले कई लोग है। ये अपने कैंप को फेवर देने के लिए आपके मुंह से आखिरी निवाला भी छीन लेंगे और आपको भूखा छोड़ देंगे।'

इस इंडस्ट्री में कई विवेक ओबरॉय हैं

सुशांत की मौत के बाद कोएना ने सोशल मीडिया पर अनुभव सिन्हा के ट्वीट के जवाब में लिखा-'विवेक ओबरॉय बच गया, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि हर कोई बच जाए। दुख की बात ये है कि यहां कई विवेक हैं।' कोएना कहती हैं- भाई- 'भतीजावाद, पक्षपात और गुंडागर्दी हमारी इंडस्ट्री का हिस्सा है। अब ये एक आदत बन गई हैं।' 

बता दें कि सुशांत ने रविवार को अपने मुंबई के फ्लैट में सुसाइड कर लिया था। कल सुशांत का अंतिम संस्कार मुंबई स्थित पवन हंस शमशान घाट में किया गया। इसमें श्रद्धा कपूर, कृति सेनन, रणदीप हुड्डा, रणवीर शौरी, दिनेश विजन और राजकुमार राव शामिल हुए।  

Smita Sharma