शख्स ने दिवंगत एक्टर पुनीत राजकुमार पर शराब की बोतल के साथ किया आपत्तिजनक पोस्ट, बेंगलुरु पुलिस ने किया गिरफ्तार

11/2/2021 1:37:45 PM

मुंबई. कन्नड़ एक्टर पुनीत राजकुमार का 29 अक्तूबर को हार्ट अटैक से निधन हो गया था। एक्टर के निधन से परिवार और फैंस को बहुत बड़ा झटका लगा। इसी बीच एक लड़के ने पुनीत के बारे में सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट शेयर किया था। बेंगलुरु पुलिस की साइबर क्राइम विंग ने लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। 


जब आरोपी की पोस्ट वायरल हुआ तो एक पॉलिटिकल पार्टी से संबंधित व्यक्ति ने उसका स्क्रीनशॉट लेकर बेंगलुरु पुलिस को टैग करते हुए ट्वीट किया। इसके तुरंत बाद ही पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पोस्ट न केवल आपत्तिजनक थी बल्कि अपमानजनक भी थी। कई लोगों ने आरोपी और उसके दोस्तों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।


बता दें कि पुनीत के निधन के बाद राज्य सरकार ने शराब की बिक्री पर रोक लगाने और सिनेमाघरों को बंद करने का आदेश दिया था। इस कारण ही आरोपी ने शराब की बोतल के साथ यह पोस्ट शेयर किया था। आरोपी की पोस्ट पर शिकायत के बाद खुद बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर कमल पंत ने खुद ट्विटर पर लोगों को जवाब देते हुए बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Content Writer

Parminder Kaur