बढ़ते बिल की वजह से हाॅस्पिटल से घर लौटे ससुराल सिमर का फेम आशीष रॉय, जैसे-तैसे भरा 2 लाख का बिल

6/10/2020 10:45:34 AM

मुंबई: टीवी सीरियल ससुराल सिमर का फेम आशीष रॉय लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी बीमारी से जूझ रहे हैं। इसी वजह से आशीष को मुंबई स्थित क्रिटी केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले महीने आशीष रॉय के शरीर में पानी भरने के कारण और उनका डायलिसिस चल रहा था। ऐसे में उन्होंने फेसबुक पर अपने दोस्तों और फैंस से आर्थिक मदद मांगी थी।

एक्टर की मदद के लिए दिल्ली के कुछ स्टूडेंट्स ने उनके खाते में पैसे डलवाए थे लेकिन वो जरूरत के हिसाब से कम थे। इतना ही नहीं आशीष मदद के लिए  अपने एक फ्रेंड सूरज थापर के जरिए सलमान खान तक भी पहुंचने की कोशिश रहे थे। हालांकि अब तक उनको मदद मिल नहीं सकी है और एक्टर अब अस्पताल से अपने घर वापस आ गए हैं।

आशीष को पैसों की कमी के चलते अस्पताल से डिस्चार्ज लेना पड़ा। 24 मई को आशीष हॉस्पिटल से घर आ गए थे। उनके पास इलाज के लिए पैसे नहीं बचे थे और बिल भी 2 लाख का बन चुका था। आशीष रॉय ने जैसे-तैसे हॉस्पिटल का बिल भरा। अभी उनका 2 महीने और इलाज चलना है। आशीष एक दिन छोड़कर हॉस्पिटल जाते हैं। जहां उन्हें 3 घंटे के डायलिसिस के 2 हजार रुपए देने पड़ते हैं।

बता दें कि आशीष रॉय अभी अपने घर में हैं और बहुत कमजोर महसूस कर रहे हैं। हालांकि घर में उनकी मदद के लिए एक हाउस हेल्पर है जो कि आशीष की देखरेख कर रहा है। फ्लाइट अभी सही तरीके से ना चलने के कारण आशीष की बहन उनके पास नहीं आ सकी हैं। 

काम की बात करें तो आशीष ने 'ब्योमकेश बख्शी', 'बनेगी अपनी बात', 'यस बॉस', 'बा बहू और बेबी', 'ससुराल सिमर का', 'एक रिश्ता साझेदारी का', 'कुछ रंग ऐसे भी', 'आरंभ' जैसे सीरियल्स‌ में भी काम किया है। इसके अलावा उन्होंने  'सुपरमैन रिटर्न्स', 'द डार्क नाइट', 'गार्जियन ऑफ द गैलेक्सी', 'द लेजेंड' ऑफ टार्जन', 'जोकर' जैसी हॉलीवुड फिल्मों के किरदारों के लिए अपनी आवाज भी दी है। 

Smita Sharma