अर्पिता खान के दादा ससुर की बिगड़ी तबीयत, ब्रेन स्ट्रोक के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती पूर्व टेलिकॉम मिनिस्टर पंडित सुखराम

5/8/2022 11:15:41 AM

मुंबई. एक्टर आयुष शर्मा के दादा और पूर्व दूरसंचार मंत्री पंडित सुखराम शर्मा की तबीयत काफी खराब है। सुखराम को ब्रेन स्ट्रोक के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पंडित सुखराम शर्मा प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव की सरकार में टेलीकॉम मिनिस्टर थेl उनके कार्यकाल में 31 जुलाई 1995 को पहली बार मोबाइल फोन कॉल का इस्तेमाल कर भारत ने इतिहास रच दिया था। ये बातचीत उनके और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ज्योति बसु के बीच किया गया था। यह कॉल नोकिया फोन पर की गई थी।


जानकारी के अनुसार, सुखराम की तबीयत शुक्रवार को खराब हुई, जिसके बाद परिवार ने उन्हें एयरलिफ्ट से दिल्ली ले जाने का फैसला किया। दादा की तबीयत खराब होने से आयुष काफी परेशान हैं। सुखराम की जब तबीयत खराब हुई तो वह उस समय मनाली में थे। पंडित सुखराम मंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे हैं। उन्होंने पांच बार विधानसभा चुनाव और तीन बार लोकसभा चुनाव जीता है। 1991 से लेकर 1996 तक वह पीवी नरसिम्हा राव सरकार में केंद्रीय दूरसंचार राज्य मंत्री रहे हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े कई आरोप लगे, लेकिन हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्र में उन्हें संचार क्रांति के जनक के तौर पर जाना जाता है।


बता दें आयुष शर्मा सलमान के जीजा भी हैं। आयुष कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं, जिन्हें लोगों द्वारा कुछ खास पसंद नहीं किया गया। आयुष सलमान की बहन अर्पिता के पति हैं। हाल में आयुष और अर्पिता ने ईद की पार्टी रखी थी, जिसमें बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं थी।

Content Writer

Parminder Kaur