Mumbai Building Collapse: अर्जुन-परिणीति समेत इस स्टार ने ट्वीट कर मृतकों के परिवारों के प्रति जताई संवेदना

7/17/2019 9:03:45 AM

मुंबई: साउथ मुंबई के  डोंगरी इलाके में मंगलवार को 11 बजकर 40 मिनट पर एक चार मंजिला बिल्डिंग गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है टंडेल रोड पर बनी केसरबाई नाम की इस बिल्डिंग में 15 परिवारों के आशियाने थे। पीटीआई के मुताबिक, इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 40 लोग घायल हुए हैं। काफी संख्या में स्थानीय लोग भी बचाव के काम में जुटे।

मुंबई बिल्डिंग रिपेयर एंड रिकंस्ट्रक्शन बोर्ड के अनुसार ये इमारत अनधिकृत थी। वहीं इस हादसे पर बॉलीवुड स्टार्स भी अपना दुख प्रकट किया है। स्टार्स ने सोशल मीडिया के जरिए घायलों के जल्द ठीक होने और मृतकों की आत्मा की शांति की कामना की है। 

 

अर्जुन कपूर
 

एक्टर अर्जुन कपूर ने इस बात पर दुख जताया और ट्वीट कर लिखा-'मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं जो इस हादसे में अपनों की जान गवां बैठे हैं। उम्मीद करता हूं कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।'

 

 

परिणीति चोपड़ा

बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने इस दर्दनाक हादसे पर अपना दुख प्रकट किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा-'डोंगरी में हुए इस हादसे के बारे में सुनकर काफी हैरान हुए। इस दुख की घड़ी में मेरी दिल से पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए संवेदनाएं हैं।'

 

आयुष्मान खुराना

एक्टर और सिंगर आयुष्मान खुराना ने भी इस हादसे पर अपना दुख सोशल मीडिया पर जाहिर किया है। आयुष्मान ने लिखा- 'यह खबर सुन काफी दुख हुआ। मेरी प्रार्थना घायलों के साथ है। #MumbaiBuildingCollapse।'

गौरतलब है कि मुंबई के इस हादसे को लेकर बीएमसी के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार डोंगरी में टंडेल मार्ग पर स्थित भूतल के अतिरिक्त चार मंजिल वाली इस ‘केशरबाई बिल्डिंग’ का एक बड़ा हिस्सा सुबह करीब 11 बजकर 40 मिनट पर गिर गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में अभी तक 11 लोगों की मौत हुई है और पांच अन्य घायल हुए हैं। बेहद घनी आबादी और संकरी सड़कों वाले इलाके में स्थित इस इमारत में काफी लोग रह रहे थे। इसके मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी इस बचाव कार्य में जुटे और मलबा हटाने में मदद कर रहे हैं।
 

Smita Sharma