सुपरस्टार रजनीकांत की हालत में सुधार, जल्द हो सकते हैं अस्पताल से डिस्चार्ज

12/26/2020 1:38:13 PM

मुंबई. साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की तबीयत 25 दिसंबर को अचानक खराब हो गई थी। एक्टर को ब्लड प्रैशर समस्या हुई। जिसके चलते उन्हें हैदराबाद के अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अब एक्टर की हेल्थ अपडेट की खबर सामने आई है। अपोलो अस्पताल ने प्रेस रिलीज कर इसकी जानकारी दी है और कहा कि एक्टर की हालत में सुधार हुआ है।


हेल्थ अपडेट में अपोलो अस्पताल ने कहा- 'रजनीकांत जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था वह अब पहले से बेहतर हैं। उन्हें रात में बेचैनी थी और उनका ब्लड प्रेशर अभी भी ज्यादा है लेकिन यह कल से कंट्रोल में है। उनकी जांच में कुछ भी बड़ी समस्या सामने नहीं  आई है। आज उनकी कुछ और जांच होंगी जिनकी रिपोर्ट शाम तक आ जाएगी।'

 


अपोलो अस्पताल ने आगे कहा- ' ब्लड प्रेशर की दवाइयां उन्हें अच्छी तरह से दी जा रही हैं और अभी वह डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। उनके ब्लड प्रेशर को देखते हुए उन्हें पूरी तरह बेड रेस्ट की सलाह दी गई है और उनसे किसी को भी मिलने की इजाजत नहीं दी गई है। उनकी जांच और ब्लड प्रेशर कंट्रोल के आधार पर उन्हें शाम तक डिस्चार्ज किया जा सकता है।'


बता दें कि इससे पहले रजनीकांत का कोरोना टेस्ट भी किया गया था। जो नेगेटिव आया था। दरअसल रजनी अभी अपनी अगली फिल्म 'अन्नाथे' की शूटिंग के लिए हैदराबाद में हैं। फिल्म के क्रू में से 8 लोग हाल में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे जिसके बाद शूटिंग को टाल दी गई। फिल्म में रजनीकांत के अलावा कीर्ति सुरेश, मीना, नयनतारा, खुशबू, प्रकाश राज और जैकी श्रॉफ जैसे स्टार्स भी नजर आने वाले हैं।

Parminder Kaur