जब चाय और लॉटरी के टिकट बेच कर अन्नू कपूर करते थे घर का गुजारा, कुछ एेसी थी जिदंगी

2/20/2018 10:26:54 AM

मुंबई: टीवी और बॉलीवुड एक्टर अन्नू कपूर आज 62वां बर्थडे सैलिब्रेट कर रहे हैं। 20 फरवरी 1956 में जन्में अन्नू कपूर का असली नाम अनिल कपूर है। पैसों की तंगी के चलते वो अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सके। इस दौर में अन्नू कपूर ने अपने परिवार को सपोर्ट करने के लिए कई छोटे बड़े काम किए जिनमें चाय की स्टॉल लगाने से लॉटरी की टिकट बेचने जैसे काम शामिल हैं।

बहुत कम लोग जानते हैं कि अन्नू के पिता एक नाटक कंपनी चलाया करते थे और उस समय इस काम को बड़ी नीची निगाह से देखा जाता था। उस दौर में इन्हें नौटंकीवाला कहा जाता था और वो लोग बंजारों की तरह जिंदगी जिया करते थे।

आज भले ही अन्नू कपूर फिल्म इंडस्ट्री में एक जाना पहचाना नाम हैं लेकिन एक वक्त था जब उनके पास खाने तक के पैसे नहीं हुआ करते थे। ऐसे ही एक वाकया का जिक्र करते हुए एक बार अन्नू कपूर ने साझा करते हुए बताया, 'जब हम नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में पढ़ा करते थे तब छुट्टियों के दौरान एनएसडी बंद हुआ और हमारे पास खाने के लिए पैसे नहीं थे। एक दिन तो हमने उधार की चाय पीकर काम चलाया। दूसरे दिन हमारी एक सीनियर ने हमें डिनर पर बुलाया, लेकिन डिनर का समय शाम में देर का था लेकिन हम वक्त से पहले ही पहुंच गए और उस दौरान मैंने 17 रोटियां खाईं थी। इसे ही हम भूख कहते हैं।'

वैसे तो अन्नू कपूर के काम के सभी कायल हैं लेकिन बॉलीवुड में एक ऐसा महानायक भी है जिसने अपने काम से सबको दीवाना बनाया है। एक बार एक इंटरव्यू के दौरान अन्नू कपूर ने बताया था, एक फिल्मी मैग्जीन को दिए इंटरव्यू में जब बिग बी से उनके पंसदीदा अभिनेताओँ के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सतीश कौशिक और परेश रावल के साथ मेरा नाम लिया। मेरे लिए ये बहुत सम्मान जनक था।

अन्नू कपूर ने मात्र 15 साल की उम्र में गीता, कुरान और बाइबिल पढ़ ली थी और उन्होंने गीता और कुरान करीब 14 बार पढ़ा है। अन्नू कपूर को वेदों का भी ज्ञान है। अन्नू का निजी जीवन भी काफी उतार चढ़ाव भरा रहा है। अन्नू कपूर ने दो शादियां की हैं। उनकी पहली पत्नी का नाम अनुपमा था और दूसरी पत्नी का नाम अरुनिता। साल 2008 में अन्नू कपूर ने अपनी पहली पत्नी अनुपमा से दोबारा शादी की। अन्नू कपूर के 4 बच्चे हैं 3 बेटे और एक बेटी।